बाढ़ प्रभावितों को दैनिक उपयोग सामग्री का वितरण

जगदलपुर, 02 अक्टूबर 2026/ जिले में पिछले दिनों आई बाढ़ के बाद प्रभावित इलाकों में प्रशासन पूरी तत्परता के साथ राहत और पुनर्वास कार्यों में जुटा हुआ है। इसी क्रम में कलेक्टरआकाश छिकारा ने तहसील तोकापाल के ग्राम घाटधनोरा तथा लोहंडीगुड़ा तहसील अंतर्गत टाकरागुड़ा के टिकरापारा स्थित बाढ़ राहत शिविरों का औचक व सघन निरीक्षण किया। इस दौरान जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी तन्मय खन्ना भी उपस्थित थे।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने राहत शिविरों में ठहरे प्रभावित ग्रामीणों से आत्मीय संवाद कर उनका हालचाल जाना और मौके पर उपलब्ध व्यवस्थाओं की जमीनी हकीकत परखी। उन्होंने शिविरों में परोसे जा रहे भोजन की गुणवत्ता, स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता, स्वास्थ्य सेवाओं तथा अन्य जरूरी सुविधाओं का बारीकी से मुआयना किया। कलेक्टर छिकारा ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि विपरीत परिस्थितियों से जूझ रहे किसी भी नागरिक को बुनियादी सुविधाओं की तनिक भी कमी महसूस नहीं होनी चाहिए।

     राहत शिविरों में प्रशासन की तरफ से प्रभावित परिवारों को आवश्यक सहायता सामग्री भी उपलब्ध कराई जा रही है। व्यवस्था के तहत 13 प्रभावित परिवारों को दैनिक उपयोग हेतु बर्तन व अन्य जरूरी सामग्रियां बांटी गईं।

कलेक्टर ने प्राकृतिक आपदा से ग्रामीणों के कच्चे-पक्के मकानों, पालतू मवेशियों और फसलों को पहुंचे नुकसान पर गहरी संवेदनशीलता व्यक्त की और उन्होंने मौके पर मौजूद राजस्व अमले सहित संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि नुकसान का आकलन पूरी पारदर्शिता, संवेदनशीलता और तेजी से किया जाए। उन्होंने कहा कि क्षति से जुड़े सभी प्रकरणों का त्वरित निराकरण करते हुए आवश्यक औपचारिकताएं अविलंब पूरी की जाएं, ताकि प्रभावित परिवारों के खातों में बिना किसी विलंब के राहत राशि पहुंच सके और इस संकट के समय में उन्हें त्वरित आर्थिक संबल मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts