जगदलपुर, 29 सितंबर 2026। छत्तीसगढ़ राज्य पात्रता परीक्षा (सीजी सेट) रविवार, 4 अक्टूबर को आयोजित होगी। बस्तर जिले में इसके लिए 49 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। दोनों पालियों में कुल 9,777 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। जिला प्रशासन ने परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा जांच और ड्रेस कोड के पालन के निर्देश जारी किए हैं।

पहली पाली की परीक्षा सुबह 10 बजे से दोपहर 12:15 बजे तक और दूसरी पाली की परीक्षा दोपहर 2 बजे से शाम 4:15 बजे तक होगी। अभ्यर्थियों को अपनी पाली शुरू होने से कम से कम दो घंटे पहले निर्धारित केंद्र पर पहुंचना होगा। प्रवेश द्वार पर मेटल डिटेक्टर से जांच के बाद प्रवेश पत्र और वैध पहचान पत्र का मिलान किया जाएगा। प्रवेश पत्र पर फोटो स्पष्ट न होने की स्थिति में अभ्यर्थी को दो नवीनतम रंगीन पासपोर्ट साइज फोटो साथ लाने होंगे।

ड्रेस कोड में क्या है? अभ्यर्थियों को हल्के रंग की हाफ टी-शर्ट या हल्के कपड़े और चप्पल पहनकर आने के निर्देश दिए गए हैं। जूते, मोजे, बेल्ट, घड़ी, पर्स, चश्मा, टोपी और स्कार्फ के साथ मोबाइल फोन तथा अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण परीक्षा केंद्र में प्रतिबंधित रहेंगे। हाथ में कड़ा या धागा बांधने पर भी रोक रहेगी। महिला अभ्यर्थियों को बाली, झुमके या अन्य आभूषण पहनकर आने की अनुमति नहीं होगी।

परीक्षा व्यवस्था के लिए डिप्टी कलेक्टर कृष्ण कुमार जायसवाल को नोडल अधिकारी बनाया गया है। शासकीय काकतीय पीजी कॉलेज के प्राचार्य डॉ. अनिल श्रीवास्तव समन्वयक और सहायक प्राध्यापक डॉ. अजय सिंह ठाकुर सहायक समन्वयक होंगे। प्रशासन ने अभ्यर्थियों से समय पर केंद्र पहुंचने और जारी निर्देशों का पालन करने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts