रायपुर,21 सितम्बर 2026

गणेशोत्सव के दौरान शहर में बढ़ रही श्रद्धालुओं और दर्शकों की भीड़ को देखते हुए पुलिस कमिश्नरेट ने ट्रैफिक व्यवस्था में बदलाव किया है। शहर में यातायात को सुचारु बनाए रखने के लिए रिंग रोड-1 और रिंग रोड-2 से शहर की ओर आने वाले 19 प्रमुख एंट्री मार्गों पर मध्यम और भारी मालवाहक वाहनों की आवाजाही पर प्रतिबंध की अवधि बढ़ाई गई है।

नए ट्रैफिक प्लान के तहत इन मार्गों पर रात 2 बजे तक भारी वाहनों की एंट्री प्रतिबंधित रहेगी। गणेशोत्सव के दौरान प्रमुख चौक-चौराहों और पूजा पंडालों के आसपास बड़ी संख्या में लोगों की आवाजाही हो रही है। ऐसे में भारी वाहनों के प्रवेश से यातायात प्रभावित होने और जाम की स्थिति बनने की आशंका को देखते हुए पुलिस ने यह व्यवस्था लागू की है।

शहर के लाखे नगर चौक से पुरानी बस्ती की ओर जाने वाले मार्ग पर भी रात के समय लोगों को जाम की स्थिति का सामना करना पड़ रहा है। पुलिस का उद्देश्य भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में यातायात का दबाव कम करना और श्रद्धालुओं की आवाजाही को सुगम बनाना है।

ट्रैफिक पुलिस ने वाहन चालकों से निर्धारित मार्गों और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है। गणेशोत्सव के दौरान शहर में भीड़ को देखते हुए यातायात व्यवस्था पर लगातार नजर रखी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts