रायपुर, 19 सितंबर 2026

उप मुख्यमंत्री एवं लोक निर्माण मंत्री अरुण साव ने प्रदेशभर में बारिश के कारण खराब हुई सड़कों और पुलों की स्थिति को लेकर अधिकारियों की बैठक ली। उन्होंने राष्ट्रीय राजमार्गों सहित सभी क्षतिग्रस्त सड़कों और पुलों की मरम्मत 15 अक्टूबर तक पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही निविदा प्रक्रिया पूरी हो चुके नए कार्यों को 15 अक्टूबर से युद्धस्तर पर शुरू करने को कहा।

नवा रायपुर स्थित लोक निर्माण विभाग मुख्यालय ‘निर्माण भवन’ में आयोजित बैठक में उप मुख्यमंत्री ने सभी परिक्षेत्रों के मुख्य अभियंताओं, मंडलों के अधीक्षण अभियंताओं और संभागों के कार्यपालन अभियंताओं से सड़कों और पुलों की स्थिति की जानकारी ली। बैठक में लोक निर्माण विभाग के सचिव मुकेश कुमार बंसल और प्रमुख अभियंता वी.के. भतपहरी भी मौजूद रहे। सभी संभागों के कार्यपालन अभियंता वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े।

बारिश के बाद तत्काल शुरू हो मरम्मत

उप मुख्यमंत्री साव ने बारिश में सड़कों की खराब स्थिति पर नाराजगी जताते हुए पुख्ता कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बरसात के बाद क्षतिग्रस्त सड़कों को तत्काल सुधारा जाए। सभी संभागों को मांग के अनुसार मरम्मत और संधारण के लिए पर्याप्त राशि उपलब्ध कराई जाएगी।

उन्होंने अधिकारियों को तत्काल निविदा प्रक्रिया पूरी कर एजेंसी तय करने के निर्देश दिए। साथ ही सभी कार्यपालन अभियंताओं को अगले दो-तीन दिनों में अपने कार्यक्षेत्र का दौरा कर सड़कों और पुलों की स्थिति की जांच करने को कहा।

सड़कों के साथ डिवाइडर की भी होगी मरम्मत

उप मुख्यमंत्री ने सड़कों, पुलों और डिवाइडरों की मरम्मत के साथ उनकी साफ-सफाई और रंगाई-पुताई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कार्यपालन अभियंताओं को सप्ताह में दो-तीन दिन फील्ड में रहने और निर्माण एवं मरम्मत कार्यों की नियमित निगरानी करने को कहा।

15 अक्टूबर से नए कार्यों में आएगी तेजी

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि जिन सभी कार्यों की निविदा प्रक्रिया पूरी हो चुकी है, उन्हें 15 अक्टूबर से पूरी गति के साथ शुरू किया जाए। उन्होंने मैदानी अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माण कार्यों के दौरान आम लोगों को कम से कम परेशानी हो।

उन्होंने कार्यस्थलों पर सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन, यात्रियों की सुविधा के लिए आवश्यकतानुसार डायवर्टेड मार्ग उपलब्ध कराने और पर्याप्त साइनेज लगाने के निर्देश दिए।

इसके अलावा परफॉर्मेन्स गारंटी वाली सड़कों की मरम्मत और संधारण संबंधित ठेकेदारों के माध्यम से तत्काल कराने को कहा। उन्होंने निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

कार्यालयों में चलेगा स्वच्छता अभियान

उप मुख्यमंत्री साव ने सेवा संकल्प अभियान के दौरान ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान के तहत लोक निर्माण विभाग के सभी कार्यालयों में स्वच्छता अभियान संचालित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कार्यालयों को गंदगी, कबाड़ और कूड़े-करकट से मुक्त करने तथा पूरे परिसर को साफ-सुथरा रखने को कहा। साथ ही कार्यालयीन भवनों के बेहतर रखरखाव के भी निर्देश दिए।

बैठक में लोक निर्माण विभाग के अपर सचिव एस.एन. श्रीवास्तव, छत्तीसगढ़ सड़क एवं अधोसंरचना विकास निगम के अतिरिक्त प्रबंध संचालक शशांक पाण्डेय सहित विभाग के मुख्य अभियंता और अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts