बालोद,19 सितंबर 2026

बालोद-धमतरी मुख्य मार्ग NH-930 पर शनिवार को बड़ा सड़क हादसा हो गया। करहीभदर मोड़ के पास यात्रियों से भरी DRD कंपनी की बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे नाले में पलट गई। हादसे में बस के परिचालक की मौके पर मौत हो गई, जबकि 25 से ज्यादा यात्री घायल बताए जा रहे हैं।

जानकारी के मुताबिक बस बालोद से यात्रियों को लेकर धमतरी की ओर जा रही थी। बस में 35 से अधिक यात्री सवार थे। करहीभदर मोड़ के पास पेट्रोल पंप के आगे नाले के समीप अचानक बस अनियंत्रित हुई और पलट गई। बस के पलटते ही यात्रियों में चीख-पुकार मच गई।

बस के नीचे दबा परिचालक, मौके पर मौत

हादसे के बाद बस का परिचालक उसके नीचे दब गया। उसे बाहर निकालने का प्रयास किया गया, लेकिन उसकी मौके पर ही मौत हो गई। बस पलटने के बाद कुछ यात्री अंदर फंस गए थे, जिन्हें स्थानीय लोगों ने काफी मशक्कत के बाद बाहर निकाला।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।

बालोद और गुरुर अस्पताल में घायलों का इलाज

हादसे में घायल यात्रियों को जिला अस्पताल बालोद और गुरुर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया है। अस्पतालों में घायलों का उपचार जारी है। कुछ यात्रियों की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें बेहतर इलाज के लिए अन्य अस्पताल रेफर किए जाने की तैयारी की जा रही है।

बस की फिटनेस और क्षमता से अधिक सवारी पर सवाल

हादसे के बाद बस में सवार यात्रियों की संख्या और वाहन की फिटनेस को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार बस में 35 से अधिक यात्री सवार थे। वहीं बस के अनफिट और कंडम होने की चर्चा भी सामने आई है। हालांकि इन दावों की आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।

हादसे की वजह की जांच में जुटी पुलिस

प्रारंभिक तौर पर हादसे के पीछे बस चालक की लापरवाही की बात सामने आ रही है। हालांकि बस किस वजह से अनियंत्रित हुई, उसकी गति कितनी थी और दुर्घटना की वास्तविक वजह क्या रही, इसका पता पुलिस की जांच के बाद चलेगा। बालोद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts