रायपुर, 16 सितंबर 2026

छत्तीसगढ़ की राजधानी नवा रायपुर अटल नगर में 32वें अखिल भारतीय राज्य निर्वाचन आयुक्त सम्मेलन का बुधवार को भव्य शुभारंभ हुआ। करीब 11 वर्षों के लंबे अंतराल के बाद छत्तीसगढ़ को इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय सम्मेलन की मेजबानी का अवसर मिला है। सम्मेलन का औपचारिक उद्घाटन राज्यपाल श्री रमेन डेका ने दीप प्रज्वलित कर किया।

शुभारंभ समारोह के दौरान राज्यपाल श्री रमेन डेका ने ‘Chhattisgarh Local Body Election Year Book–2026’ के प्रथम संस्करण का विमोचन भी किया। यह प्रकाशन छत्तीसगढ़ में स्थानीय निकाय निर्वाचन की प्रक्रिया, उपलब्धियों, नवाचारों और चुनावी व्यवस्थाओं का महत्वपूर्ण दस्तावेज प्रस्तुत करता है।

उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए राज्यपाल ने स्थानीय निकायों एवं त्रिस्तरीय पंचायतों की निर्वाचन प्रक्रिया को अधिक सशक्त, पारदर्शी, समावेशी और तकनीक-सक्षम बनाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र को मजबूत बनाने में स्थानीय स्वशासी संस्थाओं की महत्वपूर्ण भूमिका है। इसके लिए निर्वाचन प्रक्रिया में निरंतर सुधार और आधुनिक तकनीक का प्रभावी उपयोग जरूरी है।

इस अवसर पर राज्य निर्वाचन आयुक्त श्री अजय सिंह ने स्वागत उद्बोधन दिया। उन्होंने देशभर से आए राज्य निर्वाचन आयुक्तों, वरिष्ठ अधिकारियों और निर्वाचन विशेषज्ञों का स्वागत करते हुए सम्मेलन के उद्देश्यों तथा स्थानीय निकाय निर्वाचन को अधिक प्रभावी और आधुनिक बनाने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी।

छत्तीसगढ़ शासन के मुख्य सचिव श्री विकास शील ने भी सम्मेलन को संबोधित किया। उन्होंने स्थानीय स्वशासन, निर्वाचन प्रक्रिया को प्रभावी बनाने तथा प्रशासन और निर्वाचन संस्थाओं के बीच बेहतर समन्वय के महत्व पर अपने विचार रखे।

सम्मेलन के दौरान स्थानीय निकाय और पंचायत चुनावों से जुड़े समसामयिक विषयों, डिजिटल पहलों, तकनीकी नवाचारों, पारदर्शिता तथा निर्वाचन प्रक्रिया को अधिक सुगम और प्रभावी बनाने के उपायों पर व्यापक विचार-विमर्श किया जा रहा है।

समारोह में राज्य निर्वाचन आयुक्त श्री अजय सिंह, आयोग की सचिव श्रीमती शिखा राजपूत तिवारी सहित आयोग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। सम्मेलन के प्रथम दिन डिजिटल तकनीक के बढ़ते उपयोग, निर्वाचन प्रबंधन में नवाचार और पारदर्शिता से जुड़े विभिन्न विषयों पर परिचर्चा की शुरुआत हुई।

कार्यक्रम में राज्य निर्वाचन आयुक्तों की स्थायी समिति के अध्यक्ष श्री विजय देव ने भी अपने विचार रखे। वहीं स्थायी समिति के संयोजक श्री सुधांशु पांडे ने सभी अतिथियों और प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

17 सितंबर को स्टैंडिंग कमिटी की बैठक

दो दिवसीय यह सम्मेलन देश में स्थानीय लोकतंत्र को और अधिक सशक्त बनाने, निर्वाचन व्यवस्थाओं में आधुनिक तकनीक के समावेश तथा विभिन्न राज्यों के अनुभवों और नवाचारों को साझा करने के महत्वपूर्ण मंच के रूप में आयोजित किया जा रहा है।

17 सितंबर को छत्तीसगढ़ राज्य निर्वाचन आयोग के कार्यालय, नवा रायपुर अटल नगर में स्टैंडिंग कमिटी की बैठक आयोजित होगी। इसके बाद नया रायपुर डेवलपमेंट अथॉरिटी की ओर से कैपिटल सिटी, नया रायपुर के निर्माण और विकास को लेकर प्रस्तुतीकरण दिया जाएगा।

इसके बाद सम्मेलन में शामिल सभी अतिथियों को नया रायपुर के प्रमुख स्थलों का भ्रमण कराया जाएगा। इसमें छत्तीसगढ़ विधानसभा, छत्तीसगढ़ आदिवासी संग्रहालय और स्वतंत्रता संग्राम सेनानी संग्रहालय का भ्रमण भी शामिल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts