रायपुर, 15 सितंबर 2026

छत्तीसगढ़ अब देश-दुनिया के गोल्फ मानचित्र पर अपनी नई पहचान बनाने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। नवा रायपुर में आयोजित ‘डीपी वर्ल्ड नवा रायपुर ओपन 2026’ इस दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने मंगलवार को नवा रायपुर स्थित फेयरवे गोल्फ एंड कंट्री क्लब रिजॉर्ट में आयोजित कार्यक्रम में प्रतियोगिता की आकर्षक ट्रॉफी का अनावरण किया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने देश-विदेश से आए प्रोफेशनल गोल्फ खिलाड़ियों का आत्मीय स्वागत किया। कार्यक्रम में 1983 विश्वकप विजेता भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान और पीजीटीआई अध्यक्ष श्री कपिल देव की गरिमामयी उपस्थिति भी रही।

मुख्यमंत्री श्री साय ने गोल्फ कोर्स पर स्वयं गोल्फ में हाथ आजमाकर शानदार शॉट लगाया और खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया। मुख्यमंत्री को गोल्फ खेलते देखकर मौजूद खिलाड़ियों, खेल प्रेमियों और अतिथियों में खासा उत्साह देखने को मिला।

132 प्रोफेशनल गोल्फर ले रहे हिस्सा

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि यह छत्तीसगढ़ के लिए गौरव और प्रसन्नता का अवसर है कि नवा रायपुर में प्रोफेशनल गोल्फ का इतना प्रतिष्ठित आयोजन हो रहा है। प्रतियोगिता में देश-विदेश के 132 प्रोफेशनल गोल्फर हिस्सा ले रहे हैं, जिनमें 18 विदेशी खिलाड़ी भी शामिल हैं।

उन्होंने कहा कि दुनिया और देश के श्रेष्ठ खिलाड़ियों का छत्तीसगढ़ आना प्रदेश में विकसित हो रहे अनुकूल खेल वातावरण का परिचायक है। ऐसे आयोजन केवल खेल तक सीमित नहीं रहते, बल्कि इससे प्रदेश की राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय पहचान, खेल पर्यटन और स्थानीय युवाओं को मिलने वाले अवसर भी मजबूत होते हैं।

नवा रायपुर बनेगा प्रमुख गोल्फ डेस्टिनेशन

मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि ‘डीपी वर्ल्ड नवा रायपुर ओपन 2026’ आने वाले वर्षों में छत्तीसगढ़ की नई पहचान बनेगा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार गोल्फ को बढ़ावा देने, आवश्यक सुविधाओं के विस्तार और प्रतिष्ठित प्रतियोगिताओं के आयोजन में हरसंभव सहयोग करेगी।

उन्होंने कहा कि एक समय गोल्फ को आमतौर पर उद्योगपतियों और संपन्न वर्ग से जुड़ा खेल माना जाता था। अब इसका दायरा लगातार बढ़ रहा है और बड़ी संख्या में नए खिलाड़ी इससे जुड़ रहे हैं। छत्तीसगढ़ में भी गोल्फ की संभावनाएं तेजी से बढ़ रही हैं।

‘पहले फिल्मों में देखते थे गोल्फ, आज खुद कर रहे बड़े टूर्नामेंट की मेजबानी’

मुख्यमंत्री श्री साय ने गोल्फ से जुड़ी अपनी स्मृतियां साझा करते हुए कहा कि एक समय लोग गोल्फ के बारे में केवल सुनते थे या फिल्मों में इसे खेलते हुए देखते थे। आज छत्तीसगढ़ स्वयं प्रोफेशनल गोल्फ के बड़े टूर्नामेंट की मेजबानी कर रहा है।

उन्होंने कहा कि यह प्रदेश के विकास के साथ यहां तेजी से विकसित हो रही खेल संस्कृति का सुखद संकेत है।

खेल अधोसंरचना और प्रतिभाओं पर सरकार का जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार खेलों को युवाओं के व्यक्तित्व विकास, अनुशासन और आत्मविश्वास से जोड़कर आगे बढ़ा रही है। प्रदेश में खेल अधोसंरचना का लगातार विस्तार किया जा रहा है और राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर के आयोजनों की मेजबानी हो रही है।

प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को आधुनिक प्रशिक्षण, बेहतर संसाधन और राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में अवसर उपलब्ध कराने के लिए राज्य सरकार ने मुख्यमंत्री खेल उत्कर्ष मिशन को बजट में शामिल किया है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘खेलो इंडिया’ और ‘फिट इंडिया’ के संकल्प के अनुरूप छत्तीसगढ़ में खेलों के प्रति व्यापक वातावरण तैयार किया जा रहा है। प्रदेश में नेशनल ट्राइबल गेम्स, बस्तर ओलंपिक और सरगुजा ओलंपिक जैसे आयोजनों ने हजारों युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का मंच दिया है।

बस्तर में शांति के साथ युवाओं के सपनों को मिल रही उड़ान

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की दृढ़ इच्छाशक्ति और सुरक्षा बलों के प्रयासों से बस्तर में नक्सलवाद के खिलाफ निर्णायक सफलता मिली है। आज बस्तर शांति, विश्वास और विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है।

उन्होंने कहा कि बस्तर ओलंपिक में युवाओं की व्यापक भागीदारी इस बदलाव की सशक्त तस्वीर है। जिन क्षेत्रों को कभी हिंसा और नक्सलवाद के कारण जाना जाता था, वहां आज युवा खेल के मैदान में अपनी प्रतिभा और सपनों के साथ आगे बढ़ रहे हैं।

खिलाड़ियों को बस्तर और सरगुजा आने का न्योता

मुख्यमंत्री श्री साय ने देश-विदेश से आए खिलाड़ियों को छत्तीसगढ़ की प्राकृतिक सुंदरता, जनजातीय संस्कृति और पर्यटन स्थलों को देखने का न्योता दिया।

उन्होंने विशेष रूप से बस्तर और सरगुजा का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रकृति ने छत्तीसगढ़ को अनुपम सौंदर्य दिया है। बस्तर का प्रसिद्ध चित्रकोट जलप्रपात, जिसे भारत का नियाग्रा कहा जाता है, सहित अनेक जलप्रपात और प्राकृतिक स्थल पर्यटकों को आकर्षित करते हैं। वहीं सरगुजा अपनी पहाड़ियों, वनों और विशिष्ट संस्कृति के लिए जाना जाता है।

मुख्यमंत्री ने खिलाड़ियों से प्रतियोगिता के साथ समय निकालकर छत्तीसगढ़ को करीब से जानने और यहां के पर्यटन स्थलों का भ्रमण करने का आग्रह किया।

हर साल छत्तीसगढ़ में हो गोल्फ का बड़ा टूर्नामेंट: कपिल देव

पीजीटीआई अध्यक्ष एवं 1983 विश्वकप विजेता भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान श्री कपिल देव ने आयोजन में सहयोग के लिए मुख्यमंत्री और छत्तीसगढ़ सरकार का आभार जताया।

उन्होंने कहा कि ऐसे बड़े प्रोफेशनल आयोजन खेल संस्कृति को मजबूत करने और नई प्रतिभाओं को प्रेरित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। कपिल देव ने इच्छा जताई कि इस प्रतिष्ठित गोल्फ प्रतियोगिता का आयोजन हर वर्ष छत्तीसगढ़ में हो और आने वाले वर्षों की तारीखें पहले से तय की जाएं, ताकि देश-विदेश के खिलाड़ी अपने टूर्नामेंट कैलेंडर के अनुसार यहां आने की योजना बना सकें।

उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ का वातावरण गोल्फ के लिए बेहद अनुकूल है और खिलाड़ियों को मिल रहा आत्मीय आतिथ्य इसकी खास पहचान है। उन्होंने विश्वास जताया कि जिस तरह दिल्ली, बेंगलुरु और कोलकाता गोल्फ के प्रमुख केंद्रों के रूप में जाने जाते हैं, उसी तरह आने वाले समय में छत्तीसगढ़ भी देश का प्रमुख गोल्फ डेस्टिनेशन बनेगा।

पीजीटीआई के सीईओ श्री अमनदीप चहल ने भी छत्तीसगढ़ में खिलाड़ियों को मिल रहे आत्मीय स्वागत और यहां के गोल्फ कोर्स व वातावरण की सराहना की। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ को अब पर्यटन और अन्य खेलों के साथ-साथ उभरते हुए गोल्फ डेस्टिनेशन के रूप में भी पहचान मिलने लगी है।

‘डीपी वर्ल्ड नवा रायपुर ओपन 2026’ नवा रायपुर को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय गोल्फ मानचित्र पर स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। प्रदेश में बढ़ती खेल अधोसंरचना, बड़े खेल आयोजनों और खिलाड़ियों के लिए नए अवसरों के साथ छत्तीसगढ़ के प्रमुख स्पोर्ट्स डेस्टिनेशन बनने की संभावनाएं भी मजबूत हो रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts