रायपुर, 20 अगस्त 2026

छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री श्री विजय शर्मा ने दुर्ग जिले के पाटन विकासखंड के ग्राम सोनपुर में शौर्य वाटिका का भूमिपूजन किया। वीर बलिदानियों की स्मृति को संजोने और उनकी शौर्यगाथा को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाने के उद्देश्य से विकसित की जा रही इस वाटिका में जिले के 37 शहीद परिवारों का सम्मान भी किया गया।

लगभग एक एकड़ क्षेत्र में विकसित की जा रही शौर्य वाटिका में शहीदों के नाम पर उनके परिजनों ने स्मृति वृक्ष लगाए। उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने भी शहीदों की स्मृति में पीपल का पौधा रोपित कर पौधरोपण की शुरुआत की।

लगभग 78.96 लाख रुपए के विकास कार्यों का लोकार्पण

कार्यक्रम के दौरान उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने करीब 78.96 लाख रुपए की लागत से विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण किया। इन कार्यों में तालाब गहरीकरण, खेल मैदान, पहुंच मार्ग निर्माण, शौचालय, चबूतरा निर्माण, वृक्षारोपण और शेड निर्माण सहित अन्य विकास कार्य शामिल हैं।

इसके अलावा मुख्यमंत्री समग्र ग्रामीण विकास योजना के अंतर्गत करीब 37.95 लाख रुपए की लागत से सीसी रोड, आहता निर्माण और शेड निर्माण जैसे कार्यों का भी लोकार्पण किया गया।

शहीदों के बलिदान से बस्तर में खुली विकास की नई राहें

लोकार्पण कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि नक्सलवाद के खिलाफ लड़ाई में छत्तीसगढ़ के जवानों और बस्तर के लोगों ने बड़ी कीमत चुकाई है। उन्होंने शहीद जवानों और उनके परिवारों को नमन करते हुए कहा कि आज बस्तर में शांति स्थापित होने के बाद विकास की नई संभावनाएं खुल रही हैं।

उन्होंने कहा कि जिन क्षेत्रों में कभी नक्सल हिंसा के कारण स्कूल, अस्पताल, आंगनबाड़ी, बिजली, पानी और सड़क जैसी मूलभूत सुविधाएं पहुंचना मुश्किल था, वहां अब विकास कार्य तेजी से आगे बढ़ रहे हैं।

शहीदों की बहादुरी को हमेशा याद रखेंगी आने वाली पीढ़ियां

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि बस्तर में नक्सलवाद के खात्मे में शहीद जवानों की बहादुरी और बलिदान की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। आज नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में तिरंगा यात्राएं निकाली जा रही हैं और जिन इलाकों में कभी जाना मुश्किल था, वहां अब शांति और बदलाव का माहौल दिखाई दे रहा है।

उन्होंने सोनपुर में बन रही शौर्य वाटिका की सराहना करते हुए कहा कि शहीदों और उनके परिवारों के नाम पर पौधरोपण किया जाए, ताकि आने वाली पीढ़ियां उनके त्याग, बलिदान और शौर्य को हमेशा याद रख सकें।

सोनपुर के विकास में सरकार करेगी हरसंभव सहयोग

विजय शर्मा ने कहा कि सोनपुर गांव के योजनाबद्ध विकास के लिए सरकार हरसंभव सहयोग करेगी। उन्होंने गांव में चल रहे विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि मनरेगा सहित विभिन्न योजनाओं के माध्यम से रोजगार, कौशल विकास और अधोसंरचना निर्माण को गति दी जा रही है।

उन्होंने पंचायत प्रतिनिधियों से गांव के विकास कार्यों को योजनाबद्ध और प्रभावी तरीके से आगे बढ़ाने का आह्वान किया।

इस अवसर पर सांसद विजय बघेल, साजा विधायक ईश्वर साहू, जनपद पंचायत अध्यक्ष कीर्ति नायक, सुरेंद्र कौशिक, सरपंच संत कुमार कुंभकार, सेवानिवृत्त शिक्षक रामू राम चक्रधर सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts