उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने पीएम आवास योजना के पात्र हितग्राहियों को लाभ दिलाने केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान को लिखा पत्र

रायपुर, 6 जुलाई 2026

उपमुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा ने प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत कोई भी पात्र परिवार आवास से वंचित न रहे, इसके लिए केंद्रीय ग्रामीण विकास एवं कृषि मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान को पत्र लिखकर आवश्यक पहल करने का आग्रह किया है।

अपने पत्र में विजय शर्मा ने 28 एवं 29 जून 2026 को नई दिल्ली में आयोजित राष्ट्रीय ग्रामीण सम्मेलन के सफल आयोजन पर बधाई देते हुए इसे विकसित भारत 2047 के लक्ष्य की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया। उन्होंने शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व और ग्रामीण विकास के क्षेत्र में उनके प्रयासों की सराहना भी की।

उपमुख्यमंत्री ने पत्र में उल्लेख किया कि सम्मेलन के दौरान केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आश्वासन दिया था कि प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) से कोई भी पात्र व्यक्ति वंचित नहीं रहेगा। इसी संदर्भ में उन्होंने छत्तीसगढ़ में सामने आई व्यावहारिक समस्याओं की जानकारी साझा की।

उन्होंने बताया कि 24 जून को आयोजित ग्राम सभाओं में आवास प्लस 2.0 की सूची प्रस्तुत की गई थी, लेकिन सर्वेक्षण के दौरान पलायन, अनुपस्थिति अथवा अन्य कारणों से कई पात्र व्यक्तियों का सर्वे नहीं हो सका। वहीं कुछ परिवारों का सर्वे होने के बावजूद तकनीकी कारणों से उनकी जानकारी पोर्टल पर प्रदर्शित नहीं हो सकी, जिससे वे पात्रता सूची में शामिल नहीं हो पाए।

विजय शर्मा ने कहा कि इन कारणों से बड़ी संख्या में ऐसे पात्र परिवार आवास स्वीकृति से वंचित रह गए हैं, जो वास्तव में योजना के लाभ के हकदार हैं। उन्होंने भारत सरकार से आवश्यक निर्णय लेकर इन समस्याओं का समाधान करने का आग्रह किया, ताकि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के सभी पात्र परिवारों को आवास उपलब्ध कराने के संकल्प को पूर्ण रूप से साकार किया जा सके।

पत्र के अंत में उपमुख्यमंत्री ने शिवराज सिंह चौहान द्वारा छत्तीसगढ़ को दिए जा रहे निरंतर मार्गदर्शन और सहयोग के लिए उनका आभार भी व्यक्त किया।

administrator

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *