रायपुर, 06 जुलाई 2026
मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने सोमवार को अटल बिहारी वाजपेयी सभागृह, चिकित्सा महाविद्यालय रायपुर में 103 करोड़ रुपये से अधिक लागत की स्वास्थ्य अधोसंरचना विकास परियोजनाओं का भूमिपूजन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि “स्वस्थ छत्तीसगढ़ ही विकसित छत्तीसगढ़ का निर्माण करेगा” और राज्य सरकार स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इन परियोजनाओं से चिकित्सा शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं और मरीजों, विद्यार्थियों तथा चिकित्सकों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। उन्होंने बताया कि पिछली बार मेडिकल कॉलेज के दौरे के दौरान विद्यार्थियों ने छात्रावास निर्माण की मांग रखी थी, जिसे सरकार ने पूरा करते हुए आज उसकी आधारशिला रखी है।
उन्होंने कहा कि सरकार ने पिछले ढाई वर्षों में जनता से किए गए अधिकांश वादों को पूरा किया है और “मोदी की गारंटी” को धरातल पर उतारा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत तेजी से विकसित भारत के लक्ष्य की ओर बढ़ रहा है।
मुख्यमंत्री ने स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल और विभागीय अधिकारियों की सराहना करते हुए कहा कि प्रदेश में चिकित्सा सुविधाओं का लगातार विस्तार किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार के सहयोग से स्वास्थ्य क्षेत्र की कई महत्वपूर्ण परियोजनाएं स्वीकृत हुई हैं और भविष्य में अखिल भारतीय आयुर्वेद संस्थान (ऑल इंडिया इंस्टीट्यूट ऑफ आयुर्वेद) की स्थापना की भी उम्मीद है।
उन्होंने कहा कि बस्तर अब नक्सलवाद से मुक्त होकर विकास की राह पर आगे बढ़ रहा है। मेडिकल विद्यार्थियों से उन्होंने आह्वान किया कि वे अपनी शिक्षा पूरी करने के बाद सरगुजा से बस्तर तक प्रदेश के दूरस्थ क्षेत्रों में भी सेवाएं देने का संकल्प लें।
उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि लगभग 104 करोड़ रुपये की लागत वाली ये परियोजनाएं चिकित्सा क्षेत्र में ऐतिहासिक उपलब्धि साबित होंगी। उन्होंने निर्माण एजेंसियों को समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।
स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि प्रदेश में स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में अभूतपूर्व परिवर्तन हो रहा है। उन्होंने बताया कि पांच नए मेडिकल कॉलेज, नर्सिंग कॉलेजों का विस्तार, फिजियोथेरेपी कॉलेजों की स्थापना तथा 100 बिस्तरों वाले योग एवं नेचुरोपैथी अस्पताल एवं रिसर्च सेंटर का निर्माण प्रगति पर है। साथ ही डीएम कार्डियक कोर्स शुरू हो चुका है और जगदलपुर में जल्द ही प्रदेश का दूसरा सबसे बड़ा हार्ट सेंटर स्थापित किया जाएगा।
कार्यक्रम में अधिकारियों ने बताया कि पहली परियोजना के तहत 200 सीटर आधुनिक छात्र-छात्रावास का निर्माण किया जाएगा। दूसरी परियोजना में कैंसर भवन का दूसरी से छठी मंजिल तक विस्तार किया जाएगा, जहां आधुनिक लैब, 64-64 बिस्तरों वाले वार्ड, आईसीयू और अत्याधुनिक ऑपरेशन थिएटर विकसित किए जाएंगे। तीसरी परियोजना के अंतर्गत छात्राओं के छात्रावास का विस्तार कर अतिरिक्त कमरे, लाइब्रेरी, डॉरमेट्री और रिक्रिएशन हॉल जैसी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
