रायपुर में एक्सपायरी मिल्क पाउडर पीने से नवजात की मौत, मेडिकल स्टोर संचालक पर गंभीर आरोप

रायपुर में एक्सपायरी मिल्क पाउडर पीने से नवजात की मौत, मेडिकल स्टोर संचालक पर गंभीर आरोप

रायपुर, 6 जुलाई 2026

राजधानी रायपुर में एक्सपायरी मिल्क पाउडर बेचने का गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि एक्सपायरी मिल्क पाउडर से तैयार दूध पीने के बाद एक नवजात बच्ची की तबीयत बिगड़ गई और इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। परिजनों ने मौदहापारा थाना में लिखित शिकायत देकर संबंधित मेडिकल स्टोर संचालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

पुलिस के अनुसार, चंद्रशेखर कन्नोजे की पत्नी डागेश्वरी कन्नोजे ने 29 जून को जुड़वा बच्चियों को जन्म दिया था। मां का दूध पर्याप्त नहीं होने पर डॉक्टर की सलाह पर 30 जून को मेकाहारा गेट के पास स्थित एक मेडिकल स्टोर से मिल्क पाउडर खरीदा गया।

परिजनों का आरोप है कि दोनों बच्चियों में से एक को उसी मिल्क पाउडर से तैयार दूध पिलाया गया, जिसके बाद 4 जुलाई को उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। गंभीर हालत में उसे आईसीयू में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। परिजनों का दावा है कि डॉक्टरों ने जांच के दौरान मिल्क पाउडर के डिब्बे पर एक्सपायरी डेट देखकर इसकी ओर संदेह जताया।

परिजनों ने आरोप लगाया कि शिकायत लेकर मेडिकल स्टोर पहुंचने पर संचालक और कर्मचारियों ने उनके हाथ से एक्सपायरी मिल्क पाउडर का डिब्बा छीन लिया और उसकी जगह दूसरा डिब्बा दे दिया।

सहायक पुलिस आयुक्त दीपक मिश्रा ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद मेडिकल स्टोर को सीसीटीवी फुटेज सुरक्षित रखने का नोटिस जारी किया गया है। साथ ही मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) कार्यालय को जांच के लिए पत्र भेजा गया है। मामले में सभी पक्षों को नोटिस जारी कर बयान दर्ज किए जा रहे हैं।

विशेषज्ञों के अनुसार, एक्सपायर्ड डेयरी प्रोडक्ट्स के सेवन से फूड पॉइजनिंग, अपच और बैक्टीरियल संक्रमण का खतरा बढ़ जाता है। ऐसे में किसी भी खाद्य उत्पाद को खरीदने से पहले उसकी एक्सपायरी डेट अवश्य जांचनी चाहिए और खरीदारी का बिल सुरक्षित रखना चाहिए।

administrator

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *