रायपुर, 4 जुलाई 2026
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार की महत्वाकांक्षी पहल सेवा सेतु पोर्टल आम नागरिकों को सरल, सुलभ और समयबद्ध शासकीय सेवाएं उपलब्ध कराने का प्रभावी माध्यम बनकर उभरी है। पोर्टल के जरिए नागरिक विभिन्न प्रमाण-पत्रों और अन्य शासकीय सेवाओं के लिए ऑनलाइन आवेदन कर निर्धारित समय-सीमा में लाभ प्राप्त कर रहे हैं।
कोरबा जिले की पोड़ी उपरोड़ा तहसील के ग्राम सुतर्रा निवासी कुमारी निधि सेन इसका एक सफल उदाहरण हैं। उन्होंने लोक सेवा केंद्र के माध्यम से निवास प्रमाण पत्र के लिए सेवा सेतु पोर्टल पर आवेदन किया। आवश्यक दस्तावेजों और पटवारी प्रतिवेदन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद उनका आवेदन निर्धारित समय-सीमा में स्वीकृत हुआ और उन्हें सिर्फ एक सप्ताह में निवास प्रमाण पत्र प्राप्त हो गया।
निधि सेन ने बताया कि आवेदन से लेकर प्रमाण पत्र मिलने तक पूरी प्रक्रिया सरल, पारदर्शी और सुविधाजनक रही। उन्हें किसी भी सरकारी कार्यालय के बार-बार चक्कर नहीं लगाने पड़े, जिससे समय और धन दोनों की बचत हुई। उन्होंने कहा कि अब सरकारी सेवाओं तक पहुंच पहले की तुलना में अधिक आसान और प्रभावी हो गई है।
राज्य सरकार के अनुसार सेवा सेतु पोर्टल ग्रामीण क्षेत्रों के नागरिकों के लिए भी काफी लाभकारी साबित हो रहा है। यह पहल डिजिटल गवर्नेंस, पारदर्शी प्रशासन और नागरिक-केंद्रित सेवाओं को मजबूत करते हुए शासन और आम नागरिकों के बीच की दूरी कम करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।
