रायपुर, 3 जुलाई 2026
नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग की सचिव श्रीमती शंगीता आर. ने शुक्रवार को रायपुर नगर निगम के अधिकारियों की बैठक लेकर राजधानी में चल रहे विकास कार्यों और विभिन्न योजनाओं की समीक्षा की। उन्होंने तकनीकी कारणों से लंबित अप्रारंभ कार्यों की बाधाएं दूर कर उन्हें तत्काल शुरू करने के निर्देश दिए। साथ ही सभी जोन कमिश्नरों को हर 15 दिनों में निर्माण कार्यों का निरीक्षण कर प्रगति की समीक्षा करने को कहा।
बैठक में नगरीय प्रशासन विभाग के संचालक आर. एक्का और रायपुर नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा भी उपस्थित रहे। सचिव ने कहा कि राजधानी में नागरिकों को बेहतर सफाई, पेयजल, स्ट्रीट लाइट और अन्य मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने सभी अधिकारियों को जिम्मेदारी और जवाबदेही के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।
उन्होंने जलभराव वाले क्षेत्रों की पहचान कर व्यापक सफाई अभियान चलाने तथा स्थायी समाधान सुनिश्चित करने को कहा, ताकि बारिश के दौरान नागरिकों को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े। इसके साथ ही नियमित एवं प्लेसमेंट कर्मचारियों को समय पर वेतन भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
सचिव ने प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना का लाभ अधिक से अधिक पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने और प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के तहत आवास निर्माण में तेजी लाने पर जोर दिया। उन्होंने स्वच्छ भारत मिशन (शहरी) के तहत रायपुर की स्वच्छ सर्वेक्षण रैंकिंग सुधारने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम करने को कहा।
बैठक में शत-प्रतिशत डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण, कचरा परिवहन व्यवस्था की नियमित निगरानी तथा नालंदा परिसर की व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने के भी निर्देश दिए गए। इस दौरान विभाग और नगर निगम के वरिष्ठ अधिकारी, अभियंता, जोन कमिश्नर तथा विभिन्न विभागों के प्रभारी मौजूद रहे।
