बालोद, 21 सितंबर 2026। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो मासूम बच्चों की जान चली गई। देवरी थाना क्षेत्र के परसुली गांव के पास तेज रफ्तार कार ने बाइक को सामने से टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार 3 वर्षीय हिमांशु और 12 वर्षीय नमन गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को इलाज के लिए राजनांदगांव ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि पवन सोनकर अपने बेटे हिमांशु और भतीजे नमन के साथ बाइक से जा रहे थे। इसी दौरान डौंडीलोहारा की ओर से आ रही कार कथित तौर पर गलत दिशा में पहुंच गई और बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद तीनों सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए।
स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। राजनांदगांव में इलाज के दौरान दोनों बच्चों ने दम तोड़ दिया। वहीं पवन सोनकर की हालत गंभीर बताई जा रही है और उनका उपचार जारी है।
हादसे के बाद कार सवार चालक और उसका साथी वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस ने कार जब्त कर ली है और फरार आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस हादसे की परिस्थितियों की जांच कर रही है।



