जगदलपुर, 16जुलाई 2026। युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाने और नशामुक्त समाज के निर्माण के उद्देश्य से जगदलपुर के एक कोचिंग सेंटर में मंगलवार को विशेष नशामुक्ति जागरूकता अभियान आयोजित किया गया। कक्षा 8वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराते हुए उन्हें नशे से दूर रहने की शपथ दिलाई गई।

यह अभियान पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा के मार्गदर्शन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक माहेश्वर नाग के नेतृत्व में रोटरी क्लब के सहयोग से आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पुलिस एवं विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने विद्यार्थियों को नशे से होने वाले शारीरिक, मानसिक और सामाजिक नुकसान की विस्तृत जानकारी दी।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को मानसिक स्वास्थ्य एवं परामर्श सेवाओं के लिए मानस हेल्पलाइन 1933 तथा टोल फ्री नंबर 14446 की जानकारी भी दी गई। साथ ही ऑनलाइन माध्यम से नशामुक्ति की शपथ लेने के लिए विशेष लिंक उपलब्ध कराया गया और सभी विद्यार्थियों से स्वयं नशे से दूर रहने का संकल्प कराया गया।

ब्रह्माकुमारी संस्थान की मंजूषा दीदी ने सकारात्मक सोच, आत्मसंयम और आध्यात्मिक मूल्यों के माध्यम से नशे से दूर रहने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि स्वस्थ जीवन और उज्ज्वल भविष्य के लिए नशे से दूरी सबसे बड़ा संकल्प है।

कार्यक्रम में उप पुलिस अधीक्षक सुशांता लकड़ा, थाना प्रभारी कोतवाली लीलाधर राठौर, निरीक्षक माधुरी नायक, प्रभारी नारकोटिक्स सेल श्रीनिवास वर्मा, समाज कल्याण विभाग की सुचिता लकड़ा, स्वास्थ्य विभाग के हनी गोटलिब, शिक्षा विभाग के कमलेश, महिला एवं बाल विकास विभाग के शैलेन्द्र श्रीवास्तव, रोटरी क्लब के प्रतिनिधि, कोचिंग सेंटर संचालक तथा बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।

वक्ताओं ने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे स्वयं नशे से दूर रहें और अपने परिवार, मित्रों तथा समाज को भी नशामुक्त बनाने के अभियान में सक्रिय भागीदार बनें। उन्होंने कहा कि जागरूकता, सकारात्मक सोच और सामूहिक प्रयास से ही स्वस्थ, सुरक्षित एवं नशामुक्त समाज का निर्माण संभव है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts