श्योपुर, 18 सितंबर 2026। मध्य प्रदेश के कूनो नेशनल पार्क से वन्यजीव प्रेमियों के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है। भारत में जन्मी मादा चीता KGP12 ने चार शावकों को जन्म दिया है। इन नन्हे मेहमानों के आने के बाद देश में चीतों की कुल संख्या बढ़कर 56 हो गई है।

इस उपलब्धि को इसलिए भी खास माना जा रहा है, क्योंकि प्रोजेक्ट चीता के चार वर्ष पूरे होने के ठीक एक दिन बाद चार शावकों का जन्म हुआ है। केंद्रीय पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर इसकी जानकारी देते हुए मादा चीता और उसके शावकों का वीडियो भी साझा किया।

उन्होंने इसे प्रोजेक्ट चीता के लिए ऐतिहासिक और खुशी का क्षण बताते हुए कूनो नेशनल पार्क तथा परियोजना से जुड़ी पूरी टीम को बधाई दी। उन्होंने कहा कि चार वर्ष और चार नई जिंदगियां भारत में चीता संरक्षण की बढ़ती सफलता, उम्मीद और साहस का सुंदर प्रतीक हैं।

चार शावकों के जन्म के बाद कूनो नेशनल पार्क में चीतों की संख्या बढ़कर 53 हो गई है। इसके अलावा तीन चीते गांधी सागर अभयारण्य में मौजूद हैं। इस तरह देश में चीतों की कुल संख्या अब 56 हो चुकी है।

प्रोजेक्ट चीता के तहत विदेशों से अब तक 26 चीते भारत लाए गए हैं। भारत में ही चीतों की नई पीढ़ी का लगातार जन्म लेना इस संरक्षण परियोजना की बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। KGP12 के चार शावकों के जन्म ने देश में चीता पुनर्स्थापना अभियान की उम्मीदों को और मजबूत कर दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts