रायपुर, 11 जुलाई 2026
राजधानी रायपुर के धरसीवां क्षेत्र स्थित कुंबरगढ़ के प्राचीन चतुर्भुजी मंदिर परिसर में शनिवार को बड़ा हादसा हो गया। मंदिर परिसर की प्राचीन बावड़ी में डूबने से दो मासूम बच्चों की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, मंदिर परिसर में स्थित बावड़ी के पास बच्चे रोज की तरह खेल रहे थे। इसी दौरान साक्षी साहू (7 वर्ष) पिता योगेश साहू और श्रवण धीवर (4 वर्ष) पिता भूपेंद्र धीवर खेलते-खेलते बावड़ी के पानी में उतर गए। 25 से 30 फीट गहरे पानी में डूबने से दोनों बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही धरसीवां पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, यह प्राचीन बावड़ी ऐतिहासिक महत्व रखती है और कहा जाता है कि राजा कुंबरसिंह के समय उनकी रानी भी यहां आया करती थीं। हालांकि, इससे पहले यहां इस तरह की कोई घटना सामने नहीं आई थी। हादसे के बाद ग्रामीणों ने बच्चों की सुरक्षा के लिए बावड़ी के चारों ओर जाली लगाने की मांग उठाई है।
थाना प्रभारी (TI) राजेंद्र दीवान ने बताया कि पंचनामा की कार्रवाई के बाद दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। साथ ही भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए आवश्यक सुरक्षा उपाय किए जाएंगे।
