भोरमदेव में इको-टूरिज्म को मिला बड़ा बूस्ट: डिप्टी CM विजय शर्मा ने 6 KM इको ट्रेल की शुरुआत की, हर वीकेंड मिलेगा जंगल सफारी का रोमांच

भोरमदेव में इको-टूरिज्म को मिला बड़ा बूस्ट: डिप्टी CM विजय शर्मा ने 6 KM इको ट्रेल की शुरुआत की, हर वीकेंड मिलेगा जंगल सफारी का रोमांच

रायपुर, 11 जुलाई 2026

उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कबीरधाम जिले के भोरमदेव अभ्यारण्य में वन महोत्सव और 6 किलोमीटर लंबे भोरमदेव इको ट्रेल का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, वन विभाग के कर्मचारियों और ग्रामीणों के साथ इको ट्रेल का भ्रमण कर जंगल की प्राकृतिक सुंदरता, जैव विविधता और वन्यजीवन का अनुभव लिया।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि भोरमदेव प्राकृतिक सौंदर्य से समृद्ध क्षेत्र है और यहां इको-टूरिज्म को बढ़ावा मिलने से स्थानीय लोगों के लिए रोजगार और आर्थिक विकास के नए अवसर पैदा होंगे। उन्होंने कहा कि पर्यटन के विस्तार से होटल, वाहन, खान-पान, हस्तशिल्प और अन्य स्थानीय व्यवसायों को भी बढ़ावा मिलेगा।

उन्होंने कहा कि स्थानीय युवाओं को नेचर गाइड के रूप में रोजगार मिल रहा है और भविष्य में ऐसे अवसर और बढ़ेंगे। साथ ही उन्होंने लोगों से पर्यावरण संरक्षण और पर्यटन स्थलों की स्वच्छता बनाए रखने की अपील की।

उप मुख्यमंत्री ने बताया कि केंद्र सरकार की स्वदेश दर्शन योजना के तहत 146 करोड़ रुपये की लागत से भोरमदेव क्षेत्र का पर्यटन विकास किया जा रहा है। इस राशि से प्रवेश द्वार, संग्रहालय, आधुनिक पार्क, पार्किंग, मेला स्थल, छेरकी महल, मड़वा महल, रामचूंआ और सरोदा बांध सहित कई पर्यटन स्थलों का विकास होगा।

कार्यक्रम के दौरान 51 काला आम के पौधों का रोपण कर काला आम उपवन की स्थापना की गई। साथ ही 50 हजार सीड बॉल अभियान और एक लाख पौधों के वितरण अभियान की शुरुआत की गई। बैगा समुदाय के 100 हितग्राहियों को सोलर लालटेन और जैकेट भी वितरित किए गए।

वन विभाग द्वारा विकसित 6 किलोमीटर लंबे इको ट्रेल को पूरा करने में लगभग 3 से 4 घंटे का समय लगता है। इसमें पर्यटक प्रशिक्षित नेचर गाइड के साथ जंगल भ्रमण, पक्षियों, तितलियों, औषधीय वनस्पतियों और स्थानीय जैव विविधता का अनुभव कर सकेंगे। यह इको ट्रेल प्रत्येक शनिवार और रविवार को संचालित होगी तथा इसमें भाग लेने के लिए 1,000 रुपये प्रति व्यक्ति शुल्क निर्धारित किया गया है।

administrator

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *