रायपुर, 30 जून 2026
मानव सेवा और सामाजिक उत्तरदायित्व के उद्देश्य से राजधानी रायपुर में 5 जुलाई (रविवार) को मेगा रक्तदान महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। यह आयोजन रोटरी क्लब ऑफ रायपुर कॉस्मोपॉलिटन, रोटरी क्लब ऑफ कॉस्मो दिवास, रोटरी क्लब ऑफ रायपुर इन्फिनिटी तथा इनर व्हील क्लब ऑफ रायपुर कॉस्मोपॉलिटन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित होगा। इस अभियान में NEWS24 और लल्लूराम डॉट कॉम मीडिया पार्टनर के रूप में सहयोग करेंगे।
आयोजकों के अनुसार रक्तदान शिविर सुबह 8:00 बजे से शाम 4:00 बजे तक विमतारा हॉल, शंकर नगर, रायपुर में आयोजित किया जाएगा। इस अभियान में DKMS Foundation India, ICAI (Raipur Branch) और आशीर्वाद ब्लड सेंटर का भी विशेष सहयोग रहेगा।
इस महाअभियान का मुख्य उद्देश्य 500 यूनिट से अधिक रक्त संग्रह करना है, ताकि जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराया जा सके। आयोजकों का कहना है कि एक यूनिट रक्त किसी मरीज के लिए नई जिंदगी साबित हो सकता है।
रोटरी क्लबों ने शहरवासियों, युवाओं, सामाजिक संगठनों और विभिन्न संस्थानों से इस अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की है। उन्होंने कहा कि “रक्तदान – महादान” केवल एक संदेश नहीं, बल्कि मानवता की सेवा का सबसे बड़ा माध्यम है। अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी से कई जरूरतमंद मरीजों की जान बचाई जा सकती है।
आयोजकों ने लोगों से अपील की है कि वे 5 जुलाई को आयोजित इस मेगा रक्तदान महोत्सव में शामिल होकर समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाएं और जरूरतमंदों के जीवन में नई उम्मीद का संचार करें।
