3D फैक्ट्री ब्लास्ट के बाद बड़ा ऐलान: मृतकों के परिजनों को 30-30 लाख रुपये का मुआवजा, CM साय बोले- फैक्ट्री कर दी गई बंद

3D फैक्ट्री ब्लास्ट के बाद बड़ा ऐलान: मृतकों के परिजनों को 30-30 लाख रुपये का मुआवजा, CM साय बोले- फैक्ट्री कर दी गई बंद

रायपुर, 8 जुलाई 2026

राजधानी रायपुर के उरला स्थित 3D फैक्ट्री में हुए भीषण ब्लास्ट के बाद राज्य सरकार ने सख्त कार्रवाई करते हुए फैक्ट्री को बंद कर दिया है। हादसे में 3 मजदूरों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हुए हैं। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने मृतकों के परिजनों को 30-30 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है।

प्रारंभिक जांच के अनुसार फैक्ट्री में फेरो अलॉय निर्माण का कार्य किया जाता था। मंगलवार शाम करीब 6 बजे फर्नेस में लान्सिंग के दौरान ऑक्सीजन सिलेंडर में जोरदार विस्फोट हो गया, जिससे यह हादसा हुआ।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि दुर्घटना के तुरंत बाद फैक्ट्री को बंद कर दिया गया है और पूरे मामले की जांच कराई जा रही है। उन्होंने कहा कि भविष्य में उद्योगों में सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाएगा।

उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन ने घटना को बेहद दुखद बताते हुए कहा कि मृतकों के परिजनों को 30-30 लाख रुपये का मुआवजा दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि जांच रिपोर्ट आने के बाद हादसे के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

इस बीच कांग्रेस ने भी मामले की जांच के लिए 8 सदस्यीय समिति गठित की है। पूर्व मंत्री शिव डहरिया को समिति का संयोजक बनाया गया है। समिति पीड़ित परिवारों से मुलाकात करने के साथ घटनास्थल का निरीक्षण कर अपनी रिपोर्ट सौंपेगी।

वहीं कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने राज्य सरकार पर औद्योगिक सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने दावा किया कि पिछले ढाई वर्षों में औद्योगिक हादसों में 150 से अधिक मजदूरों की मौत हो चुकी है। उन्होंने मृतकों के परिजनों को एक करोड़ रुपये का मुआवजा देने और फैक्ट्री प्रबंधन के खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज करने की मांग की।

administrator

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *