रायपुर, 1 जुलाई 2026
छत्तीसगढ़ शासन के सहकारिता विभाग और छत्तीसगढ़ राज्य सहकारी बैंक मर्यादित (अपेक्स बैंक) के संयुक्त तत्वावधान में 3 और 4 जुलाई को राजधानी रायपुर में राज्य स्तरीय सहकारी सम्मेलन एवं सहकार संकल्प दौड़ का भव्य आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय होंगे, जबकि इसकी अध्यक्षता सहकारिता मंत्री केदार कश्यप करेंगे।
इस आयोजन का उद्देश्य सहकारिता आंदोलन को मजबूत बनाना, किसानों और सहकारी संस्थाओं को सशक्त करना तथा “सहकार से समृद्धि” के संदेश को प्रदेशभर में पहुंचाना है। सम्मेलन में विभिन्न जिलों से सहकारी संस्थाओं के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, किसान और सहकारिता विशेषज्ञ शामिल होंगे।
3 जुलाई को मरीन ड्राइव में होगी सहकार संकल्प दौड़
सहकारिता सप्ताह के तहत 3 जुलाई को सुबह 6 बजे मरीन ड्राइव, तेलीबांधा (रायपुर) में सहकार संकल्प दौड़ आयोजित की जाएगी। इस दौड़ का उद्देश्य स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना और सहकारिता के संदेश को आमजन तक पहुंचाना है।
दो दिवसीय सम्मेलन में सहकारी नीतियों पर होगी चर्चा
3 और 4 जुलाई को सुबह 11 बजे से कृषि मंडपम ऑडिटोरियम, इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय, रायपुर में राज्य स्तरीय सहकारी सम्मेलन आयोजित होगा। सम्मेलन में सहकारी नीतियों, कृषि विकास, ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने तथा सहकारी संस्थाओं की भूमिका पर विस्तार से मंथन किया जाएगा।
प्रदेशभर से आएंगे सहकारिता क्षेत्र के प्रतिनिधि
सम्मेलन में अपेक्स बैंक, राज्य सहकारी संघ, मार्कफेड, लघु वनोपज सहकारी संघ, हाथकरघा विकास एवं विपणन सहकारी संघ, अन्त्यावसायी वित्त एवं विकास निगम तथा जिला सहकारी केंद्रीय बैंकों के अध्यक्ष, सहकारिता क्षेत्र के विशेषज्ञ और जनप्रतिनिधि अपनी सहभागिता देंगे।
‘सहकार से समृद्धि’ का होगा संदेश
सहकारिता विभाग और अपेक्स बैंक ने प्रदेश के किसानों, सहकारी संस्थाओं के प्रतिनिधियों, युवाओं और आम नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में इस आयोजन में शामिल होने की अपील की है। आयोजकों के अनुसार यह सम्मेलन ग्रामीण विकास, किसान सशक्तीकरण और आत्मनिर्भर छत्तीसगढ़ के लक्ष्य को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।
