लोकतंत्र सेनानियों के सम्मान में मुख्यमंत्री बोले- उनका त्याग नई पीढ़ी के लिए प्रेरणा, ‘आपातकाल के योद्धा’ स्मारिका का विमोचन

लोकतंत्र सेनानियों के सम्मान में मुख्यमंत्री बोले- उनका त्याग नई पीढ़ी के लिए प्रेरणा, ‘आपातकाल के योद्धा’ स्मारिका का विमोचन

रायपुर, 29 जून 2026

आपातकाल स्मृति दिवस के अवसर पर राजधानी रायपुर के डीडीयू ऑडिटोरियम में आयोजित लोकतंत्र सेनानियों के सम्मान समारोह में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय शामिल हुए। उन्होंने लोकतंत्र सेनानियों के संघर्ष पर आधारित स्मारिका ‘आपातकाल के योद्धा’ का विमोचन किया और आपातकाल विषय पर आयोजित राज्य स्तरीय निबंध प्रतियोगिता के विजेताओं को सम्मानित किया।

कार्यक्रम के मुख्य वक्ता इंद्रेश कुमार ने कहा कि लोकतंत्र केवल शासन व्यवस्था नहीं, बल्कि जीवन का महत्वपूर्ण मूल्य है। उन्होंने कहा कि आपातकाल भारतीय लोकतंत्र की कठिन परीक्षा का दौर था, जब अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और मौलिक अधिकार प्रभावित हुए। उन्होंने लोकतंत्र सेनानियों के संघर्ष को याद करते हुए युवाओं से राष्ट्र प्रथम, सामाजिक समरसता, नशामुक्त भारत और स्वच्छ समाज के निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि आपातकाल भारतीय लोकतंत्र के इतिहास का ऐसा अध्याय है, जिसे कभी भुलाया नहीं जा सकता। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र सेनानियों का संघर्ष और त्याग आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने इतिहास को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के लिए ऐसे आयोजनों और पाठ्यक्रम में इस विषय को शामिल किए जाने की सराहना की।

मुख्यमंत्री ने अपने पारिवारिक अनुभव साझा करते हुए बताया कि उनके बड़े पिताजी स्वर्गीय नरहरि साय 19 महीने तक जेल में रहे थे। उन्होंने कहा कि उस समय लोकतंत्र सेनानियों के परिवारों को गंभीर आर्थिक और सामाजिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ा, जबकि स्वयंसेवकों ने भेष बदलकर जरूरतमंद परिवारों तक अनाज पहुंचाने का कार्य किया।

विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने कहा कि 1975 का आपातकाल भारतीय लोकतंत्र के लिए गंभीर चुनौती था। उन्होंने प्रेस सेंसरशिप, मौलिक अधिकारों के निलंबन और संविधान संशोधनों का उल्लेख करते हुए कहा कि यह दौर लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति हमेशा सजग रहने की सीख देता है।

समारोह में केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा, लोकतंत्र सेनानी संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष कैलाश सोनी सहित अनेक जनप्रतिनिधि, लोकतंत्र सेनानी और उनके परिजन मौजूद रहे।

इस अवसर पर आयोजित राज्य स्तरीय निबंध प्रतियोगिता में विद्यालय और महाविद्यालय स्तर के विजेताओं को मुख्यमंत्री ने स्मृति चिन्ह और प्रोत्साहन राशि देकर सम्मानित किया। प्रतियोगिता में प्रदेशभर से 540 से अधिक विद्यार्थियों ने भाग लिया।

administrator

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *