रायपुर से शुरू हुआ सहकारिता सप्ताह: मंत्री केदार कश्यप बोले- साय सरकार बना रही सहकारिता को जनआंदोलन

रायपुर से शुरू हुआ सहकारिता सप्ताह: मंत्री केदार कश्यप बोले- साय सरकार बना रही सहकारिता को जनआंदोलन

रायपुर, 29 जून 2026

सहकारिता मंत्रालय के पांच वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर जिला सहकारी केंद्रीय बैंक, रायपुर में सहकारिता सप्ताह का भव्य शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम में सहकारिता मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि सहकारिता केवल एक व्यवस्था नहीं, बल्कि लोगों को साथ लेकर विकास करने की मजबूत सोच है। उन्होंने कहा कि साय सरकार सहकारिता आंदोलन को जनभागीदारी का महाअभियान बनाकर प्रत्येक ग्रामीण परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत करने के लिए लगातार काम कर रही है।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केदार कश्यप ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सहकारिता मंत्रालय के गठन और केंद्रीय सहकारिता मंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन में देश में सहकारिता क्षेत्र को नई पहचान मिली है। पिछले पांच वर्षों में किसानों, महिलाओं, युवाओं और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार प्राथमिक कृषि साख समितियों को मजबूत कर रही है। किसानों को समय पर ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है और सहकारी संस्थाओं में पारदर्शिता तथा आधुनिक तकनीक को बढ़ावा दिया जा रहा है, जिससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई मजबूती मिल रही है।

केदार कश्यप ने कहा कि “साथ मिलकर विकास” ही सहकारिता का मूल मंत्र है और इसी भावना से आत्मनिर्भर भारत तथा विकसित छत्तीसगढ़ का निर्माण संभव है। उन्होंने सहकारी संस्थाओं के पदाधिकारियों और कर्मचारियों से सेवा भावना, पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ कार्य करने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि सहकारिता सप्ताह केवल एक औपचारिक आयोजन नहीं, बल्कि सहकारिता की योजनाओं और उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने का अभियान है। सप्ताहभर आयोजित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से नई पीढ़ी को सहकारिता से जोड़ने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को गति देने का प्रयास किया जाएगा।

कार्यक्रम की शुरुआत सहकारिता आंदोलन के जनक पंडित वामनराव बलिराम लाखे की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ हुई।

इस अवसर पर छत्तीसगढ़ राज्य सहकारी बैंक मर्यादित के अध्यक्ष केदारनाथ गुप्ता, जिला सहकारी केंद्रीय बैंक रायपुर के अध्यक्ष निरंजन सिन्हा, उपाध्यक्ष अभिनेष कश्यप, जनप्रतिनिधि, सहकारी संस्थाओं के वरिष्ठ पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में कर्मचारी उपस्थित रहे।

administrator

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *