छत्तीसगढ़ के सपूत मेजर जनरल सुधीर कुमार शर्मा को मिला अति विशिष्ट सेवा मेडल, राष्ट्रपति ने किया सम्मानित

छत्तीसगढ़ के सपूत मेजर जनरल सुधीर कुमार शर्मा को मिला अति विशिष्ट सेवा मेडल, राष्ट्रपति ने किया सम्मानित

रायपुर, 1 जुलाई 2026

छत्तीसगढ़ के लिए गर्व का क्षण उस समय आया जब पाटन से जुड़े मेजर जनरल सुधीर कुमार शर्मा को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने नई दिल्ली स्थित राष्ट्रपति भवन में आयोजित रक्षा अलंकरण समारोह में अति विशिष्ट सेवा मेडल (Ati Vishisht Seva Medal) से सम्मानित किया। यह सम्मान उन्हें भारतीय सेना में उत्कृष्ट नेतृत्व, विशिष्ट सेवाओं और राष्ट्र के प्रति असाधारण योगदान के लिए प्रदान किया गया।

मेजर जनरल शर्मा ने लगभग चार दशकों तक भारतीय सेना में विभिन्न महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाईं। उन्होंने जम्मू-कश्मीर, सियाचिन, कारगिल और पूर्वोत्तर भारत जैसे संवेदनशील क्षेत्रों में सेवा देते हुए कई आतंकवाद-रोधी और उग्रवाद-रोधी अभियानों में अहम भूमिका निभाई। वे भारतीय सेना के प्रशिक्षित हेलीकॉप्टर पायलट भी रहे हैं और अनेक परिचालन अभियानों में अपनी सेवाएं दे चुके हैं।

उन्होंने करीब साढ़े तीन वर्ष तक फ्रांस में भारत के रक्षा अताशे के रूप में भी कार्य किया। उनके कार्यक्षेत्र में फ्रांस के साथ बेल्जियम, नीदरलैंड्स और लक्ज़मबर्ग भी शामिल थे। उनके कार्यकाल के दौरान भारत-फ्रांस रक्षा सहयोग को नई मजबूती मिली और राफेल लड़ाकू विमान तथा स्कॉर्पीन पनडुब्बी जैसी महत्वपूर्ण रक्षा परियोजनाओं में उल्लेखनीय प्रगति हुई। इसी अवधि में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी फ्रांस के कई महत्वपूर्ण दौरे किए, जिससे दोनों देशों के रणनीतिक संबंध और मजबूत हुए।

वर्तमान में मेजर जनरल सुधीर कुमार शर्मा इंडो-रशियन राइफल्स प्राइवेट लिमिटेड में मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) एवं प्रबंध निदेशक (MD) के पद पर कार्यरत हैं। उनके नेतृत्व में आत्मनिर्भर भारत और मेक इन इंडिया अभियान के तहत रूस के सहयोग से भारतीय सेना के लिए 6 लाख अत्याधुनिक AK-203 असॉल्ट राइफलों का निर्माण किया जा रहा है। यह परियोजना भारत की रक्षा आत्मनिर्भरता की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है।

इससे पहले भी मेजर जनरल शर्मा को उनकी उत्कृष्ट सेवाओं के लिए दो बार सेना मेडल और विशिष्ट सेवा मेडल से सम्मानित किया जा चुका है। अति विशिष्ट सेवा मेडल उनके सैन्य जीवन का चौथा प्रमुख राष्ट्रीय सैन्य सम्मान है।

इस उपलब्धि पर छत्तीसगढ़ के विभिन्न सामाजिक, शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक संगठनों ने मेजर जनरल सुधीर कुमार शर्मा को बधाई देते हुए इसे पूरे प्रदेश के लिए गौरव का विषय बताया है।

administrator

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *