सहारनपुर29जून/दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे पर एक खतरनाक लापरवाही ने पूरे परिवार की खुशियां छीन लीं। उत्तर प्रदेश के सहारनपुर स्थित हलगोया कट के पास 26 जून 2026 को एक टाटा टियागो कार एक्सप्रेसवे की स्लो लेन में रिवर्स हो रही थी। तभी पीछे से तेज रफ्तार में आ रही स्कॉर्पियो एसयूवी ने कार को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि टियागो करीब 300 मीटर तक घिसटती चली गई। हादसे में कार में सवार सात लोगों में से चार लोगों की मौत हो गई। मृतकों में एक बच्चा, दो पुरुष और एक महिला शामिल हैं, जबकि अन्य घायल हुए हैं। सभी पीड़ित हरियाणा के बहादुरगढ़ के निवासी बताए गए हैं।
घटना का पूरा घटनाक्रम एक्सप्रेसवे पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया। वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर एक्सप्रेसवे पर रिवर्स करने जैसी लापरवाही को लेकर तीखी बहस छिड़ गई है। वहीं, कुछ लोग स्कॉर्पियो की रफ्तार पर भी सवाल उठा रहे हैं।
पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर हादसे की वास्तविक वजह स्पष्ट की जाएगी।

