कबीर जयंती महोत्सव में सीएम साय का बड़ा ऐलान: बिजली बिल समाधान योजना 3 महीने बढ़ेगी, संत कबीर के संदेश को बताया समाज का पथप्रदर्शक

कबीर जयंती महोत्सव में सीएम साय का बड़ा ऐलान: बिजली बिल समाधान योजना 3 महीने बढ़ेगी, संत कबीर के संदेश को बताया समाज का पथप्रदर्शक

रायपुर, 29 जून 2026

राजधानी रायपुर के सोनपैरी स्थित सद्गुरु कबीर आश्रम में सोमवार को आयोजित संत कबीर जयंती महोत्सव में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, कर्नाटक के राज्यपाल थावरचंद गहलोत, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह तथा केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू शामिल हुए। सभी अतिथियों ने गुरु असंग देव का आशीर्वाद लिया और आश्रम परिसर में वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आम उपभोक्ताओं को बड़ी राहत देते हुए घोषणा की कि मुख्यमंत्री बिजली बिल भुगतान समाधान योजना की अवधि तीन महीने और बढ़ाई जाएगी। इस योजना के तहत उपभोक्ताओं को सरचार्ज माफी और अन्य आकर्षक प्रावधानों का लाभ मिलेगा, जिससे वे अपने लंबित बिजली बिलों का भुगतान आसानी से कर सकेंगे।

राज्यपाल थावरचंद गहलोत ने कहा कि संत कबीर का सत्य, समरसता, मानव सेवा और सद्भाव का संदेश आज भी समाज और राष्ट्र के लिए पथप्रदर्शक है। उन्होंने कहा कि जाति-पाति, ऊंच-नीच और आडंबर से ऊपर उठकर संत कबीर ने मानवता, प्रेम और विवेक का मार्ग दिखाया, जो वर्तमान समय में और अधिक प्रासंगिक हो गया है। उन्होंने सोनपैरी कबीर आश्रम द्वारा शिक्षा, गौसेवा, पर्यावरण संरक्षण, जैविक खेती और सामाजिक समरसता के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की भी सराहना की।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ संत कबीर की तपोभूमि है और उनके विचार आज भी समाज को प्रेम, भाईचारे और समानता का संदेश देते हैं। उन्होंने कहा कि उनका बचपन कबीरपंथी समाज के बीच बीता है, इसलिए संत कबीर की शिक्षाओं का उनके जीवन पर गहरा प्रभाव रहा है। उन्होंने कहा कि संत कबीर ने जीवनभर छुआछूत, जाति-पांति, कुरीतियों और आडंबर के खिलाफ संघर्ष किया और समाज को नई दिशा दी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटी को पूरा करने के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में 18 लाख प्रधानमंत्री आवास स्वीकृत हुए हैं, जिनमें से 10 लाख से अधिक आवास पूरे किए जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में अब शांति और विकास का नया दौर शुरू हो चुका है तथा पीएम जनमन योजना, महतारी वंदन योजना, श्रीरामलला दर्शन योजना, मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना और प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना का लाभ बड़ी संख्या में लोगों को मिल रहा है।

मुख्यमंत्री ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार नागरिकों की शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने लोगों से इस सुविधा का अधिक से अधिक उपयोग करने की अपील की और कहा कि तय समय-सीमा में शिकायतों का निराकरण सुनिश्चित किया जाएगा।

गुरु असंग देव ने अपने संबोधन में कहा कि संत कबीर ने समाज से पाखंड, कुरीतियों और आडंबर को समाप्त करने के लिए जीवन समर्पित किया। उन्होंने सेवा, परमार्थ, गौसेवा, वृक्षारोपण और ग्राम विकास को जीवन का आधार बताते हुए कहा कि इन्हीं मूल्यों से समाज और राष्ट्र का कल्याण संभव है।

विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने कहा कि संत कबीर की वाणी ने समाज को पाखंड और छुआछूत के खिलाफ जागरूक किया। वहीं केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने कहा कि संत कबीर ने सत्य, सेवा और सादगी का मार्ग अपनाने की प्रेरणा दी, जिसे जीवन में अपनाकर समाज और राष्ट्र का कल्याण किया जा सकता है।

कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, विधायक मोतीलाल साहू, विधायक इंद्र कुमार साहू, डॉ. रामप्रताप सिंह, विशेषर पटेल, चंदूलाल साहू, अमरजीत छाबड़ा, डॉ. कृष्णमूर्ति बांधी, अखिलेश सोनी सहित बड़ी संख्या में संत-महात्मा, जनप्रतिनिधि और कबीरपंथी अनुयायी उपस्थित रहे।

administrator

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *