बस्तर में डेंगू-मलेरिया के खिलाफ जनआंदोलन, हर गुरुवार चलेगा ’10 सप्ताह, 10 बजे, 10 मिनट’ अभियान

जगदलपुर, 25 जून 2026।
बरसात के मौसम में तेजी से फैलने वाली डेंगू, मलेरिया और अन्य संक्रामक बीमारियों की रोकथाम के लिए बस्तर जिला प्रशासन ने एक अनूठी पहल शुरू की है। 25 जून से जिलेभर में “स्वच्छ एवं स्वस्थ बस्तर अभियान” के तहत “10 सप्ताह, 10 बजे, 10 मिनट” विशेष जनस्वास्थ्य अभियान की शुरुआत की गई। अभियान का शुभारंभ कलेक्टर आकाश छिकारा ने कलेक्टर कार्यालय परिसर में सफाई अभियान चलाकर किया।

शुभारंभ के दौरान कलेक्टर ने कार्यालय में रखे कूलरों का पानी खाली कराया और परिसर में ऐसे सभी स्थानों की सफाई कराई, जहां बारिश का पानी जमा होकर मच्छरों के पनपने की संभावना हो सकती है। उन्होंने कहा कि डेंगू और मलेरिया जैसी बीमारियों को रोकने का सबसे प्रभावी तरीका साफ-सफाई और लोगों की सक्रिय भागीदारी है।

इस अभियान के तहत अगले 10 सप्ताह तक प्रत्येक गुरुवार सुबह 10 बजे, जिले के सभी शासकीय कार्यालयों, स्कूलों, कॉलेजों, स्वास्थ्य संस्थानों और अन्य सरकारी एवं अर्धसरकारी परिसरों में 10 मिनट का विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान जलभराव वाले स्थानों की पहचान कर उन्हें साफ किया जाएगा, कूलर, पानी की टंकियां, गमले, पुराने टायर और अन्य ऐसे स्थानों से पानी हटाया जाएगा जहां मच्छर पनप सकते हैं।

अभियान के दौरान आवश्यकता के अनुसार नालियों और जलभराव वाले क्षेत्रों में वेक्टर नियंत्रण के उपाय किए जाएंगे। साथ ही फॉगिंग, स्वच्छता अभियान और अनुपयोगी कचरे के निष्पादन जैसी गतिविधियां भी संचालित होंगी। कर्मचारियों, विद्यार्थियों और आम नागरिकों को मौसमी बीमारियों से बचाव के उपायों की जानकारी देकर जागरूक भी किया जाएगा।

कलेक्टर आकाश छिकारा ने सभी विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि अभियान को केवल औपचारिकता न मानते हुए इसे जनभागीदारी का अभियान बनाया जाए। उन्होंने कहा कि यदि हर व्यक्ति सप्ताह में केवल 10 मिनट अपने घर, कार्यालय और आसपास की सफाई पर ध्यान दे, तो डेंगू और मलेरिया जैसी बीमारियों पर काफी हद तक नियंत्रण पाया जा सकता है।

अभियान के शुभारंभ अवसर पर अपर कलेक्टर सी.पी. बघेल सहित जिला प्रशासन के कई अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। प्रशासन ने जिलेवासियों से अपील की है कि वे इस पहल में सहभागी बनकर अपने घरों और आसपास पानी जमा न होने दें तथा स्वच्छ और स्वस्थ बस्तर के निर्माण में सहयोग करें।

administrator

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *