केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा से मिले मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, स्वास्थ्य सेवाओं और किसानों के मुद्दों पर हुई चर्चा

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा से मिले मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, स्वास्थ्य सेवाओं और किसानों के मुद्दों पर हुई चर्चा

नई दिल्ली, 25 जून 2026

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने गुरुवार को केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा रसायन एवं उर्वरक मंत्री श्री जेपी नड्डा से उनके आवास पर शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान जनस्वास्थ्य, चिकित्सा अधोसंरचना, औषधि एवं उर्वरक क्षेत्र सहित विभिन्न समसामयिक विषयों पर विस्तृत चर्चा हुई।

मुख्यमंत्री ने केंद्रीय मंत्री को बताया कि राज्य सरकार स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार और सुदृढ़ीकरण के लिए लगातार कार्य कर रही है। विशेष रूप से दूरस्थ, ग्रामीण और जनजातीय क्षेत्रों तक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने के लिए अस्पतालों, मेडिकल कॉलेजों और अन्य चिकित्सा संस्थानों को मजबूत किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेशवासियों को बेहतर उपचार और आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं राज्य में ही उपलब्ध कराने पर सरकार का विशेष फोकस है।

बैठक में कृषि और उर्वरक क्षेत्र से जुड़े विषयों पर भी चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने बताया कि किसानों को खाद और बीज की पर्याप्त एवं समय पर उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं। खरीफ सीजन के दौरान आवश्यक कृषि आदानों की आपूर्ति सुचारु बनाए रखने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि खाद वितरण व्यवस्था पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और कालाबाजारी, जमाखोरी तथा लापरवाही के मामलों में सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही गांव-गांव अभियान चलाकर किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों से जोड़ने और नई तकनीकों को अपनाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि राज्य सरकार नैनो यूरिया और नैनो डीएपी के उपयोग को बढ़ावा दे रही है। किसानों को इनके लाभों की जानकारी देने के लिए व्यापक जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं, जिससे उत्पादन क्षमता बढ़े, लागत कम हो और कृषि अधिक लाभकारी बन सके।

मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार, भारत सरकार के सहयोग से स्वास्थ्य, कृषि और जनकल्याण के क्षेत्रों में विकास को नई गति देने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। राज्य के समग्र विकास के लिए केंद्र और राज्य के बीच बेहतर समन्वय को और मजबूत बनाया जा रहा है।

इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने छत्तीसगढ़ में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार, किसानों के हित में उठाए जा रहे कदमों और जनकल्याण के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने स्वास्थ्य एवं अन्य विकासात्मक क्षेत्रों में केंद्र सरकार की ओर से हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।

administrator

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *