मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की घोषणाओं पर त्वरित अमल, ग्रामीणों की मांगों को मिली मंजूरी

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की घोषणाओं पर त्वरित अमल, ग्रामीणों की मांगों को मिली मंजूरी

रायपुर, 16 जून 2026

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में आयोजित सुशासन तिहार जनसमस्याओं के त्वरित समाधान और विकास कार्यों की शीघ्र स्वीकृति का प्रभावी माध्यम बनकर उभरा है। मुख्यमंत्री द्वारा सरगुजा प्रवास के दौरान ग्रामीणों की मांगों पर की गई घोषणाओं को प्रशासन ने तेजी से अमल में लाते हुए विभिन्न निर्माण कार्यों को मंजूरी प्रदान कर दी है।

उल्लेखनीय है कि 03 मई 2026 को मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय सरगुजा जिले के बतौली विकासखंड स्थित ग्राम पंचायत सिलमा के शांतिपारा पहुंचे थे। यहां आयोजित जन चौपाल में उन्होंने ग्रामीणों से संवाद कर क्षेत्र की आवश्यकताओं और समस्याओं की जानकारी ली थी तथा कई विकास कार्यों की घोषणा की थी।

पंचायत भवन, पीडीएस भवन और मुक्तिधाम को मंजूरी

मुख्यमंत्री की घोषणाओं के अनुरूप जिला प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ग्राम सिलमा में डीएमएफ और मनरेगा के अभिसरण से 18.30 लाख रुपये की लागत से नवीन पंचायत भवन निर्माण को स्वीकृति दी है। इसके अलावा 2.50 लाख रुपये की लागत से मुक्तिधाम निर्माण तथा 11.63 लाख रुपये की लागत से नवीन पीडीएस भवन निर्माण को भी मंजूरी प्रदान की गई है।

इसी प्रकार ग्राम कुनकुरीकला में भी डीएमएफ और मनरेगा के अभिसरण से 18.30 लाख रुपये की लागत वाले नवीन पंचायत भवन निर्माण को स्वीकृति दी गई है।

ग्रामीणों ने जताया आभार

मुख्यमंत्री की घोषणाओं पर त्वरित अमल होने से ग्रामीणों में खुशी का माहौल है। ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सुशासन तिहार के माध्यम से शासन और प्रशासन सीधे जनता तक पहुंच रहा है तथा समस्याओं के समाधान के लिए समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है।

सुशासन की अवधारणा हो रही साकार

राज्य शासन की मंशा के अनुरूप जिला प्रशासन द्वारा सुशासन तिहार के दौरान प्राप्त मांगों और जनसमस्याओं के निराकरण के लिए लगातार प्रभावी कदम उठाए जा रहे हैं। इससे विकास कार्यों का लाभ समय पर आम नागरिकों तक पहुंच रहा है और सुशासन की अवधारणा जमीनी स्तर पर साकार होती दिखाई दे रही है।

administrator

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *