छत्तीसगढ़ में पकड़ाई 50.28 लाख की अवैध शराब: MP से महाराष्ट्र में थी खपाने की तैयारी, ट्रक के साथ तस्कर भी गिरफ्तार

छत्तीसगढ़ में पकड़ाई 50.28 लाख की अवैध शराब: MP से महाराष्ट्र में थी खपाने की तैयारी, ट्रक के साथ तस्कर भी गिरफ्तार

मोहला-मानपुर , 6 जून 2026

छत्तीसगढ़ के मोहला-मानपुर जिले में पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 50.28 लाख रुपये की अवैध शराब जब्त की है। यह खेप मध्यप्रदेश से महाराष्ट्र ले जाई जा रही थी। पुलिस ने ट्रक समेत शराब को जब्त कर चालक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

मुखबिर की सूचना पर नाकाबंदी

पुलिस अधीक्षक यशपाल सिंह ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिलने के बाद मानपुर थाना पुलिस ने थाना प्रभारी कपिल चंद्रा के नेतृत्व में राष्ट्रीय राजमार्ग और स्टेट हाईवे को जोड़ने वाले मार्ग पर चेकिंग अभियान चलाया। इसी दौरान संदिग्ध ट्रक को रोका गया।

ट्रक छोड़कर भागने लगा चालक

जांच के दौरान CG 15 DZ 4515 नंबर के ट्रक को रोकने पर चालक वाहन छोड़कर भागने लगा। पुलिस जवानों ने पीछा कर उसे पकड़ लिया। आरोपी ने अपना नाम बलराम सिंह डांगी, निवासी नागपुर (महाराष्ट्र) बताया।

मध्यप्रदेश से महाराष्ट्र भेजी जा रही थी खेप

पूछताछ में खुलासा हुआ कि शराब की खेप मध्यप्रदेश के बैतूल जिले की मुलताई तहसील से लोड की गई थी और इसे महाराष्ट्र के गढ़चिरौली जिले में खपाने की तैयारी थी। पुलिस के मुताबिक गढ़चिरौली में शराब दुकानों की कमी का फायदा उठाकर तस्कर अवैध कारोबार कर रहे थे।

75.28 लाख की संपत्ति जब्त

पुलिस ने ट्रक से 100 पेटी रॉयल स्टेज, 300 पेटी बीयर और 400 पेटी गोवा व्हिस्की बरामद की। जब्त शराब की कीमत 50.28 लाख रुपये आंकी गई है। वहीं ट्रक की कीमत करीब 25 लाख रुपये बताई गई है। इस तरह कुल 75.28 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की गई है।

आरोपी जेल भेजा गया

चालक ने बताया कि महाराष्ट्र में शैलेश नामक व्यक्ति के संपर्क में जाकर शराब की डिलीवरी की जानी थी। हालांकि महाराष्ट्र पहुंचने से पहले ही पुलिस ने खेप पकड़ ली। पुलिस ने विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

administrator

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *