90 बच्चों पर सिर्फ एक शिक्षक! गुस्साए ग्रामीणों ने स्कूल में जड़ा ताला

जगदलपुर3july2026/ बस्तर जिले के विकासखंड अंतर्गत ग्राम बड़े अलनार की प्राथमिक शाला में शिक्षकों की कमी को लेकर ग्रामीणों का आक्रोश गुरुवार को खुलकर सामने आ गया। लंबे समय से अतिरिक्त शिक्षकों की मांग पूरी नहीं होने से नाराज़ पालकों और ग्रामीणों ने स्कूल के मुख्य द्वार पर ताला लगाकर विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने शिक्षा विभाग के खिलाफ नारेबाजी करते हुए जल्द से जल्द पर्याप्त शिक्षकों की नियुक्ति की मांग की।

ग्रामीणों का कहना है कि विद्यालय में करीब 90 छात्र-छात्राएं अध्ययनरत हैं, जबकि पूरे स्कूल का संचालन केवल एक शिक्षक के भरोसे किया जा रहा है। ऐसे में सभी कक्षाओं को नियमित और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देना संभव नहीं हो पा रहा है। इसका सीधा असर बच्चों की पढ़ाई और उनके भविष्य पर पड़ रहा है।

पालकों ने बताया कि वे पिछले करीब दो वर्षों से इस समस्या को लेकर लगातार संबंधित अधिकारियों से गुहार लगा रहे हैं। खंड शिक्षा अधिकारी को कई बार लिखित आवेदन देने के साथ मौखिक रूप से भी अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। नया शैक्षणिक सत्र शुरू होने के बावजूद हालात जस के तस बने हुए हैं।

ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि शिक्षा विभाग की लापरवाही के कारण गांव के बच्चों का भविष्य दांव पर लगा हुआ है। उनका कहना है कि यदि समय रहते अतिरिक्त शिक्षकों की नियुक्ति नहीं की गई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि भविष्य में होने वाले किसी भी बड़े आंदोलन की जिम्मेदारी शिक्षा विभाग और प्रशासन की होगी।

administrator

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *