जगदलपुर। बस्तर रेंज के पुलिस नेतृत्व में बड़ा बदलाव हुआ है। बुधवार को बद्रीनारायण मीणा ने बस्तर रेंज के नए पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) के रूप में पदभार संभाल लिया। उन्होंने सुंदरराज पट्टलिंगम से कार्यभार ग्रहण किया, जिन्हें भारत सरकार ने प्रतिनियुक्ति पर राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) में पुलिस महानिरीक्षक की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है।
पदभार ग्रहण समारोह में बस्तर के पुलिस अधीक्षक शलभ सिन्हा सहित पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। इस अवसर पर सुंदरराज पट्टलिंगम ने मिशन-2026 के सफल क्रियान्वयन में सहयोग देने वाले सभी हितधारकों का आभार व्यक्त करते हुए नए आईजी बद्रीनारायण मीणा को सफल कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं दीं।
पदभार संभालने के बाद बद्रीनारायण मीणा ने कहा कि बस्तर में शांति, सुरक्षा और जनता का विश्वास मजबूत करना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। उन्होंने समावेशी विकास और सुरक्षा व्यवस्था को और सशक्त बनाने के लिए सभी संबंधित पक्षों के साथ मिलकर काम करने की प्रतिबद्धता जताई।

