1 जुलाई से लागू होगी वीबी जी राम जी योजना, ग्रामीण क्षेत्रों में दिख रहा उत्साह

1 जुलाई से लागू होगी वीबी जी राम जी योजना, ग्रामीण क्षेत्रों में दिख रहा उत्साह

रायपुर, 24 जून 2026

राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी वीबी जी राम जी (विकसित भारत गारंटी रोजगार एवं आजीविका मिशन-ग्रामीण) योजना आगामी 1 जुलाई 2026 से पूरे प्रदेश में लागू होने जा रही है। ग्रामीण परिवारों को रोजगार और आजीविका के नए अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शुरू की जा रही इस योजना को लेकर गांव-गांव में व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है।

पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के मार्गदर्शन में ग्राम पंचायत, जनपद पंचायत और जिला स्तर पर लगातार प्रशिक्षण, बैठकें और ग्राम सभाएं आयोजित की जा रही हैं। इन कार्यक्रमों के माध्यम से ग्रामीणों को योजना के प्रावधानों, पात्रता और लाभों की जानकारी दी जा रही है।

योजना को लेकर ग्रामीणों में विशेष उत्साह देखने को मिल रहा है। बेमेतरा जिले के जनपद पंचायत बेरला अंतर्गत ग्राम पंचायत सांकरा और देवरी में ग्रामीणों ने जागरूकता फैलाने के लिए मानव श्रृंखला बनाकर लोगों को योजना से जुड़ने का संदेश दिया। इस दौरान ग्रामीणों ने हाथों में तख्तियां लेकर “वीबी जी राम जी – गांव की प्रगति, हम सबकी जिम्मेदारी”, “रोजगार और आजीविका का नया संबल” तथा “समृद्ध गांव, सशक्त परिवार” जैसे संदेशों का प्रदर्शन किया।

ग्रामीणों की इस पहल की केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भी सराहना की। उन्होंने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि बेमेतरा जिले से आई यह तस्वीर गांवों की जागरूकता और आत्मविश्वास का प्रतीक है। वहीं केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्रालय ने भी मानव श्रृंखला के माध्यम से चलाए जा रहे जनजागरूकता अभियान की प्रशंसा की है।

मानव श्रृंखला के माध्यम से ग्रामीणों ने यह संदेश दिया कि यह योजना केवल सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि ग्रामीण विकास, आत्मनिर्भरता और जनभागीदारी का अभियान है। ग्रामीणों ने पात्र परिवारों तक योजना का लाभ पहुंचाने और अधिक से अधिक लोगों को इसकी जानकारी देने का संकल्प भी लिया।

ग्राम सभाओं में अधिकारियों ने बताया कि वीबी जी राम जी योजना के तहत पात्र ग्रामीण परिवारों को रोजगार और आजीविका के अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे। योजना का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा देना और परिवारों की आय में वृद्धि करना है। इसके लिए पंचायत स्तर पर व्यापक तैयारियां की जा रही हैं।

योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए 30 जून 2026 तक पंचायत, ब्लॉक और जिला स्तर के अधिकारियों, कर्मचारियों, जनप्रतिनिधियों तथा हितग्राहियों का प्रशिक्षण पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। विभिन्न चरणों में प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं ताकि योजना का लाभ समय पर पात्र परिवारों तक पहुंच सके।

योजना के प्रचार-प्रसार के लिए ग्राम सभाएं, चौपाल, पोस्टर-बैनर, मुनादी, रथ प्रचार और डिजिटल माध्यमों का उपयोग किया जा रहा है। सरपंच, सचिव, रोजगार सहायक, स्व-सहायता समूहों की महिलाएं और सामाजिक संगठन भी इसमें सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।

इस बीच उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने भी सोशल मीडिया पर लाइव आकर लोगों को आगामी ग्राम सभाओं और वीबी जी राम जी योजना की जानकारी दी। उन्होंने लोगों को योजना का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया और उनके सवालों के जवाब भी दिए।

administrator

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *