नई दिल्ली,9 जून 2026
देश के प्रतिष्ठित पद्म पुरस्कार 2026 के दूसरे चरण का आयोजन 23 जून को राष्ट्रपति भवन में किया जाएगा। इस समारोह में फिल्म और मनोरंजन जगत की कई दिग्गज हस्तियों को उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया जाएगा।
इस वर्ष राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू प्रसिद्ध अभिनेता-निर्देशक आर. माधवन, दिवंगत अभिनेता सतीश शाह, तेलुगु सिनेमा के दिग्गज राजेंद्र प्रसाद और मलयालम सुपरस्टार ममूटी को पद्म सम्मान प्रदान करेंगी।
आर. माधवन और सतीश शाह को पद्मश्री
मशहूर अभिनेता आर. माधवन को पद्मश्री से सम्मानित किया जाएगा। ‘मैडी’ के नाम से लोकप्रिय माधवन ने हिंदी, तमिल समेत कई भाषाओं में फिल्मों और टेलीविजन के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान दिया है। उनके खाते में 75 से अधिक फिल्में और 1200 से ज्यादा टीवी एपिसोड दर्ज हैं।
वहीं, दिवंगत अभिनेता सतीश शाह को भी मरणोपरांत पद्मश्री से सम्मानित किया जाएगा। चार दशक से अधिक लंबे करियर में उन्होंने थिएटर, टेलीविजन और फिल्मों में अपनी बेहतरीन कॉमिक टाइमिंग और यादगार भूमिकाओं से खास पहचान बनाई।
राजेंद्र प्रसाद को भी मिलेगा पद्मश्री
तेलुगु फिल्म इंडस्ट्री के वरिष्ठ अभिनेता राजेंद्र प्रसाद को भी पद्मश्री के लिए चुना गया है। उन्होंने अपने चार दशक लंबे करियर में 286 से अधिक फिल्मों में अभिनय किया है और सामाजिक कार्यों में भी सक्रिय भूमिका निभाई है।
ममूटी को पद्म भूषण
मलयालम सिनेमा के सुपरस्टार ममूटी को पद्म भूषण से सम्मानित किया जाएगा। पांच दशक से अधिक लंबे करियर में उन्होंने 400 से ज्यादा फिल्मों में अभिनय किया है। फिल्मों के अलावा सामाजिक और चैरिटेबल कार्यों में उनके योगदान को भी सराहा जाता है।
गौरतलब है कि पद्म पुरस्कार देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मानों में शामिल हैं। ये सम्मान कला, साहित्य, शिक्षा, विज्ञान, चिकित्सा, खेल, समाज सेवा, व्यापार और सार्वजनिक जीवन समेत विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाली हस्तियों को प्रदान किए जाते हैं।


