नई दिल्ली, 9 जून 2026
चर्चित शिक्षक फैसल खान उर्फ खान सर एक बार फिर कानूनी विवाद में घिर गए हैं। इस बार टीवी पत्रकार अंजना ओम कश्यप ने उनके खिलाफ दिल्ली हाईकोर्ट में 2 करोड़ रुपये की मानहानि याचिका दायर की है। याचिका में सोशल मीडिया और डिजिटल प्लेटफॉर्म्स पर प्रसारित कथित मानहानिकारक सामग्री को हटाने की मांग भी की गई है।
मामले की सुनवाई करते हुए जस्टिस नीना बंसल कृष्णा ने फिलहाल कोई अंतरिम राहत देने से इनकार कर दिया। हालांकि अदालत ने खान सर और अन्य प्रतिवादियों को नोटिस जारी कर जवाब दाखिल करने का निर्देश दिया है। मामले की अगली सुनवाई 17 जून को निर्धारित की गई है।
कैसे शुरू हुआ विवाद?
विवाद की शुरुआत 29 मई 2026 को हुई, जब अंजना ओम कश्यप ने एक टीवी कार्यक्रम में शिक्षा के बढ़ते व्यवसायीकरण और ऑनलाइन स्टार टीचर्स के प्रभाव को लेकर टिप्पणी की थी। इसके बाद खान सर की ओर से की गई कुछ टिप्पणियों को लेकर विवाद खड़ा हो गया।
याचिका में दावा किया गया है कि विभिन्न वीडियो, पोस्ट और प्रसारणों में अंजना ओम कश्यप के लिए ‘बिकाऊ पत्रकार’, ‘चाटुकार’ और ‘दलाल’ जैसे शब्दों का इस्तेमाल किया गया। साथ ही उन पर दलाली करने और फेक न्यूज फैलाने के आरोप लगाए गए।
परिवार की सुरक्षा पर भी चिंता
अंजना ओम कश्यप ने अपनी याचिका में यह भी आरोप लगाया है कि खान सर ने सार्वजनिक मंच से उनके बच्चे के स्कूल का नाम उजागर किया, जिससे उनके परिवार को अनचाहा ध्यान, उत्पीड़न और सुरक्षा संबंधी चिंताओं का सामना करना पड़ा।
अन्य लोगों को भी बनाया पक्षकार
याचिका में खान सर के अलावा अभिनय शर्मा, बबीता त्यागी, अरविंद भदौरिया, कुछ सोशल मीडिया हैंडल्स और 4PM न्यूज नेटवर्क को भी पक्षकार बनाया गया है। आरोप है कि 30 मई से 4 जून के बीच इन लोगों ने सोशल मीडिया पर अंजना ओम कश्यप और इंडिया टुडे समूह के खिलाफ अभियान चलाया।
गौरतलब है कि इससे पहले खान ग्लोबल स्टडीज में हुई फायरिंग और तोड़फोड़ के मामले में पटना कोर्ट ने खान सर की गिरफ्तारी पर फिलहाल रोक लगाई हुई है। अब दिल्ली हाईकोर्ट में दायर मानहानि याचिका को लेकर उनकी कानूनी चुनौतियां बढ़ सकती हैं।


