कबीरधाम में अवैध विद्युत फेंसिंग बनी जानलेवा, बलरामपुर में बारिश से बचने पेड़ के नीचे खड़ी मां-बेटी पर गिरी बिजली
रायपुर, 3 जुलाई। छत्तीसगढ़ में गुरुवार को दो अलग-अलग जिलों से दिल दहला देने वाली घटनाएं सामने आईं। कबीरधाम जिले में खेत की सुरक्षा के लिए लगाए गए अवैध करंट वाले तार की चपेट में आने से पिता-पुत्र की मौत हो गई, जबकि बलरामपुर जिले में खेत में काम कर रही मां-बेटी की आकाशीय बिजली गिरने से जान चली गई। दोनों हादसों के बाद संबंधित क्षेत्रों में शोक की लहर है।
अवैध करंट वाली फेंसिंग ने छीनी दो जिंदगियां
कबीरधाम जिले के सहसपुर लोहारा थाना क्षेत्र के ग्राम बीरनपुर कला में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। खेत को जंगली जानवरों से बचाने के लिए लगाई गई अवैध विद्युत फेंसिंग की चपेट में आने से किसान गोकरण पटेल (55) और उनके पुत्र परमेश पटेल (22) की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार खेत की मेड़ पर बिजली का करंट प्रवाहित किया गया था, जो दोनों के लिए जानलेवा साबित हुआ।
पेड़ के नीचे रुके, बिजली की चपेट में आ गए
वहीं बलरामपुर जिले में गुरुवार दोपहर तेज बारिश के दौरान एक और हृदयविदारक हादसा हुआ। मानती टेकाम (33) अपनी 14 वर्षीय बेटी कुमारी विमला टेकाम के साथ खेत में काम कर रही थीं। बारिश शुरू होने पर दोनों बचाव के लिए पास के एक पेड़ के नीचे खड़ी हो गईं। इसी दौरान आकाशीय बिजली गिरने से दोनों उसकी चपेट में आ गईं और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
प्रशासन ने बरसात में बरतने की अपील की सावधानी
लगातार सक्रिय मानसून के बीच प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले मैदान, ऊंचे पेड़ों और बिजली के खंभों के पास खड़े होने से बचने की अपील की है। साथ ही खेतों में अवैध विद्युत फेंसिंग लगाने को कानूनन अपराध बताते हुए इससे दूर रहने की चेतावनी भी दी है। विशेषज्ञों का कहना है कि थोड़ी-सी लापरवाही भी ऐसे हादसों का कारण बन सकती है।

