मुंबई पर बारिश का महाअटैक! सड़कें बनीं दरिया, रेड अलर्ट के बीच थमी सांसें, लेकिन नहीं थमी ‘मायानगरी’ की रफ्तार

मुंबई।2जुलाई2026/ मानसून ने एक बार फिर मायानगरी मुंबई की रफ्तार को चुनौती दी है। गुरुवार को हुई मूसलाधार बारिश ने शहर के कई हिस्सों को पानी-पानी कर दिया। शिलफाटा, अंधेरी सबवे सहित कई निचले इलाकों में जलभराव हो गया, जबकि प्रमुख सड़कों पर घंटों तक वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं। हालात को देखते हुए भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने मुंबई, ठाणे, पालघर और रायगढ़ के लिए रेड अलर्ट जारी किया है।

कुछ इलाकों में 100 मिमी से अधिक बारिश दर्ज की गई, जिससे पवई झील ओवरफ्लो होने लगी। बावजूद इसके, मुंबई की पहचान बनी ‘कभी न रुकने वाली रफ्तार’ पूरी तरह नहीं थमी। लोकल ट्रेनें मामूली देरी से चलीं, कुछ उड़ानों का मार्ग बदला गया, लेकिन शहर की अधिकांश सेवाएं सामान्य रूप से संचालित होती रहीं।

बीएमसी की टीमों ने जलभराव वाले इलाकों से पानी निकाला और बंद नालों की सफाई कर हालात पर काबू पाने की कोशिश की। भारी बारिश से शहर के जलाशयों में पानी की आवक भी बढ़ी है, जिससे जल भंडारण में सुधार हुआ है। राहत की बात यह रही कि अब तक किसी बड़ी जनहानि की सूचना नहीं मिली है।

मौसम विभाग ने अगले दो दिनों तक भी भारी से अति भारी बारिश की संभावना जताई है। प्रशासन ने लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने, समुद्र तटों और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहने तथा मौसम संबंधी चेतावनियों का पालन करने की अपील की है।

administrator

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *