अब डिजिटल रण में भी उतरेगी भाजपा: कार्यकर्ताओं को हाईटेक बनाने के लिए शुरू हुआ विशेष प्रशिक्षण अभियान

जगदलपुर में डिजिटल लर्निंग प्लेटफॉर्म कार्यशाला आयोजित, बूथ स्तर तक चलेगा प्रशिक्षण अभियान

जगदलपुर, 1 जुलाई। भारतीय जनता पार्टी अब अपने संगठन को डिजिटल रूप से और अधिक मजबूत बनाने की दिशा में तेजी से कदम बढ़ा रही है। पार्टी ने कार्यकर्ताओं को तकनीक के अनुरूप दक्ष और डिजिटल प्लेटफॉर्म पर पारंगत बनाने के उद्देश्य से पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान के तहत मंगलवार को जगदलपुर जिला कार्यालय में डिजिटल लर्निंग प्लेटफॉर्म कार्यशाला का आयोजन किया।

कार्यशाला में जगदलपुर पूर्वी और पश्चिमी नगर मंडल के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को डिजिटल माध्यमों के प्रभावी उपयोग, ऑनलाइन प्रशिक्षण प्रणाली और संगठनात्मक गतिविधियों को तकनीक के जरिए मजबूत बनाने की जानकारी दी गई।

भाजपा नेताओं ने बताया कि बदलते समय में डिजिटल तकनीक संगठन की मजबूती का महत्वपूर्ण माध्यम बन चुकी है। इसी को ध्यान में रखते हुए कार्यकर्ताओं को डिजिटल प्लेटफॉर्म पर प्रशिक्षित किया जा रहा है, ताकि वे पार्टी की योजनाओं, कार्यक्रमों और जनसंपर्क अभियानों को अधिक प्रभावी ढंग से संचालित कर सकें।

पार्टी ने यह भी स्पष्ट किया कि यह अभियान केवल जिला स्तर तक सीमित नहीं रहेगा। आने वाले दिनों में शक्ति केंद्र और बूथ स्तर तक डिजिटल प्रशिक्षण कार्यक्रम चलाए जाएंगे, जिससे संगठन के अंतिम छोर तक जुड़े कार्यकर्ता भी डिजिटल तकनीक का प्रभावी उपयोग कर सकें।

भाजपा का मानना है कि तकनीक से लैस कार्यकर्ता संगठन की कार्यशैली को अधिक आधुनिक, प्रभावी और जनसंपर्क के लिहाज से मजबूत बनाएंगे। इसी उद्देश्य के साथ पूरे प्रदेश में चरणबद्ध तरीके से डिजिटल लर्निंग प्लेटफॉर्म के माध्यम से प्रशिक्षण अभियान चलाया जा रहा है।

administrator

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *