महारानी अस्पताल को मिलेगी नई पहचान: स्वास्थ्य मंत्री के औचक निरीक्षण में 300 बेड, कैंसर यूनिट और डायलिसिस सेंटर पर बड़ा फैसला

जगदलपुर, 01 जुलाई। बस्तर अंचल के सबसे प्रमुख शासकीय अस्पताल महारानी अस्पताल को जल्द ही बड़ी सौगात मिल सकती है। प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल ने बुधवार को अस्पताल का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और मरीजों को बेहतर एवं आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल की क्षमता बढ़ाने से लेकर नई चिकित्सा सुविधाओं के विस्तार तक कई अहम घोषणाएं कीं।

स्वास्थ्य मंत्री ने अस्पताल प्रशासन को निर्देश दिए कि वर्तमान 200 बिस्तरों वाले महारानी अस्पताल की क्षमता बढ़ाकर 300 बिस्तरों की जाए। इसके लिए नए सेटअप और अस्पताल भवन के उन्नयन का प्रस्ताव शीघ्र विभाग को भेजने को कहा गया। उन्होंने कहा कि बस्तर जैसे बड़े संभाग के मरीजों की जरूरतों को देखते हुए अस्पताल को आधुनिक और अधिक सुविधायुक्त बनाना आवश्यक है।

निरीक्षण के दौरान मंत्री ने निर्माणाधीन डायलिसिस सेंटर और कैंसर यूनिट का भी जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि दोनों परियोजनाओं का कार्य प्राथमिकता के आधार पर जल्द पूरा किया जाए, ताकि गंभीर मरीजों को इलाज के लिए बाहर न जाना पड़े। साथ ही अस्पताल परिसर की अंदरूनी सड़कों की मरम्मत शीघ्र कराने के भी निर्देश दिए।

स्वास्थ्य मंत्री ने अस्पताल के आपातकालीन चिकित्सा कक्ष, ओपीडी, ईसीजी यूनिट और ब्लड बैंक का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने भर्ती मरीजों और उनके परिजनों से सीधे बातचीत कर अस्पताल की व्यवस्थाओं, उपचार और उपलब्ध सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। उन्होंने चिकित्सकों और स्वास्थ्य कर्मचारियों को निर्देश दिए कि मरीजों के प्रति संवेदनशील और मानवीय व्यवहार रखते हुए गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सेवाएं प्रदान करें।

अटल आरोग्य लैब का निरीक्षण करते हुए मंत्री ने वहां उपलब्ध जांच सुविधाओं की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को आवश्यक उपकरणों की जल्द स्थापना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए ताकि अस्पताल में सभी 134 प्रकार की जांच सुविधाएं जल्द शुरू हो सकें और मरीजों को जांच के लिए निजी लैब या अन्य शहरों का रुख न करना पड़े।

डॉक्टर्स डे के अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री ने महारानी अस्पताल में चिकित्सकों और स्वास्थ्य कर्मचारियों के साथ केक काटकर उन्हें शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि डॉक्टरों का समर्पण और सेवा भाव ही किसी अस्पताल की सबसे बड़ी पहचान होता है और मरीजों के प्रति संवेदनशीलता सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।

इस अवसर पर जगदलपुर विधायक श्री किरण देव, महापौर श्री संजय पाण्डे, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजय बसाक, सिविल सर्जन डॉ. संजय प्रसाद, लोक निर्माण विभाग के अधिकारी, अस्पताल के चिकित्सक, स्वास्थ्य कर्मचारी तथा अन्य जनप्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।

administrator

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *