युवक को चप्पलों से पीटकर बनाया VIDEO, वायरल होते ही भड़का गांव… आरोपी को ग्रामीणों ने पकड़कर पुलिस के हवाले किया

धमतरी, 30 जून। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले से मानवता को शर्मसार करने वाली एक घटना सामने आई है। अर्जुनी थाना क्षेत्र में कुछ युवकों ने एक युवक को चप्पलों से बेरहमी से पीटा और उसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। वीडियो सामने आने के बाद इलाके में भारी आक्रोश फैल गया। गुस्साए ग्रामीणों ने मुख्य आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।

वायरल वीडियो में कुछ युवक पीड़ित को चप्पलों से पीटते हुए दिखाई दे रहे हैं। आरोप है कि मारपीट के दौरान उससे जबरन “बाप बोल” कहलवाया गया और चप्पल पर थूकने के लिए मजबूर किया गया। पीड़ित युवक बार-बार हाथ जोड़कर छोड़ देने की गुहार लगाता रहा, लेकिन आरोपी लगातार उसके साथ मारपीट करते रहे। घटना का वीडियो खुद आरोपियों ने सोशल मीडिया पर साझा कर दिया, जिसके बाद मामला पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बन गया।

पुलिस के अनुसार, पीड़ित युवक ग्राम खरतुली का निवासी है, जबकि मुख्य आरोपी की पहचान ग्राम लोहरसी निवासी खिलावन साहू के रूप में हुई है। वीडियो वायरल होने के बाद डायल-112 के माध्यम से पुलिस को सूचना मिली। जब पुलिस मौके पर पहुंची तो ग्रामीणों ने आरोपी को पकड़कर बांध रखा था। पुलिस आरोपी को हिरासत में लेकर थाने पहुंची और उसके खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई है।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि आरोपी लंबे समय से बदमाश प्रवृत्ति का है और युवकों के साथ मारपीट कर उनके वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल करता है। ग्रामीणों का कहना है कि वीडियो देखने के बाद लोगों का गुस्सा फूट पड़ा और आरोपी के गांव पहुंचते ही उसे पकड़ लिया गया। आरोप है कि पुलिस के पहुंचने से पहले ग्रामीणों ने भी आरोपी की पिटाई कर दी।

यह घटना केवल मारपीट का मामला नहीं, बल्कि सोशल मीडिया पर हिंसा का प्रदर्शन कर दहशत फैलाने की मानसिकता को भी उजागर करती है। लगातार ऐसे वीडियो सामने आने से कानून-व्यवस्था और युवाओं में बढ़ती आपराधिक प्रवृत्ति पर सवाल खड़े हो रहे हैं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और वीडियो में दिखाई दे रहे अन्य आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ भी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।

administrator

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *